उरई । माधौगढ़ में आयोजित संपूर्ण समाधान  दिवस में जिलाधिकारी मन्नान अख्तर और पुलिस अधीक्षक अमरेन्द्र प्रताप मौजूद रहे । डी एम उस समय तैश में आ गए जब बंगरा के हरिओम ने उनसे आवास देने की याचना की । डी एम ने कहा कि तुम शक्ल से कहीं से पात्र नहीं दिख रहे हो । तुम्हें यह फरियाद लाते हुए शर्म आनी चाहिये थी इसलिये यहाँ से तुरंत भाग जाओ । हरिओम ने अपना फटा कुर्ता दिखाया और कहने लगा कि वह और उसके बच्चे टीन के नीचे बसर कर रहे हैं लेकिन डी एम नहीं पसीजे । उन्होने उसके आर्तनाद को बनावटी बताते हुए भगा दिया ।

संपूर्ण समाधान दिवस में यहाँ 200 शिकायतें आयीं लेकिन मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हो सका । किसानों ने डी एम को बताया कि कुठौन्दा और ईगुई के बीच दबंगों ने नहर रोक रखी है जिससे सिंचाई के लिए उन्हे पानी नहीं मिल पा रहा है । डी एम ने नहर विभाग के अधिशाषी अभियंता से कहा कि वे मौके पर जा कर स्थिति देखें और अगर नहर रोकी गई है तो  दोषियों पर एफ़ आई आर दर्ज कराये भले ही वे कितने ही प्रभावशाली हों ।

एक महिला 8  माह के बच्चे को गोद में ले कर आई । उसने बताया कि वह सफाई के लिए एक प्रभावशाली आदमी के यहाँ जाती थी । उसने उसके साथ संबंध बना लिए । यह बच्चा उसी का है लेकिन वह स्वीकार नहीं कर रहा । पुलिस अधीक्षक ने माधौगढ़ के प्रभारी निरीक्षक रुद्र कुमार सिंह से कहा कि वे इसकी सही पड़ताल कर महिला और उसके बच्चे को उसका हक दिलवाए । जरूरत पड़े तो डी एन ए के नमूने ले कर मिलान कराने के लिए प्रयोगशाला भेज दें ।  सभी विभागाध्यक्ष इस दौरान मौजूद रहे ।

 

 

Leave a comment