कोंच-उरई । खुशियों और उमंगों के त्योहार दीपावली में कहीं एक छोटी सी चिंगारी खलल न डाल दे इसके लिये अधिकारियों ने बीती देर शाम धनुताल के मैदान में लगाई गई आतिशबाजी की दुकानों का औचक निरीक्षण किया जहां उन्होंने सुरक्षा इंतजामों में छेद तलाशने की कोशिश की, उन्होंने दुकानदारों को आगाह किया कि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम रखें और किसी भी बिषम परिस्थिति से निपटने के लिये सभी दुकानदार एक दूसरे का सहयोग करें।

दुकानों पर बालू की बोरियां और पानी के ड्रम महज दिखावे के लिये रखे गये थे जो किसी भी दुर्घटना की स्थिति में आग पर काबू पा लेने के लिहाज से नाकाफी थे।

जिलाधिकारी द्वारा पूर्व में ही इस तरह के निर्देश जारी किये जा चुके हैं कि सम्बंधित तहसीलों के एसडीएम और सीओ आतिशबाजी की दुकानों का समय समय पर मुआयना करते रहेंगे और किसी भी संभावित दुर्घटना की स्थिति में वहां सुरक्षा और अग्निशमन के पर्याप्त साधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करायेंगे। इन्हीं निर्देशों के तहत बीती देर शाम तकरीबन साढे सात बजे एसडीएम सुरेश सोनी एवं सीओ रुक्मिणी वर्मा ने धनुताल मैदान जहां आतिशबाजी की दुकानें लगाई गई हैं, का रुख किया और वहां सजी सभी दस दुकानों का बारीकी से मुआयना किया तो उन्हें आग लगने की स्थिति में उसे बुझाने के लिये उपयोग में लाये जाने बाले साधन कमोवेश ठीक ठाक दिखे। दुकानों पर पानी के ड्रमों में भ्ज्ञले ही कम सही लेकिन उनमें पानी था, बालू की बोरियां जरूर इक्का दुक्का मिली वह भी आधी अधूरी मात्र औपचारिकता दर्शाने के लिये रखी गई थीं। अधिकारियों ने सभी दुकानदारों को कड़े निर्देश दिये किरुरक्षा मामले में लापरवाही कतई नहीं बर्दाश्त की जायेगी लिहाजा सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर के रखें, इसका क्रॉस एग्जामिन करने पर यदि खामियां नजर आईं तो उनके लाईसेंस सस्पेंड कर दिये जायेंगे।

एसडीएम व सीओ ने कहा कि जिलाधिकारी महोदय स्वयं हर पल सुरक्षा इंतजामों की रिपोर्ट ले रहे हैं ताकि किसी भी संभावित दुर्घटना के पनपने की स्थिति ही पैदा न हो। फायर ब्रिगेड की गाड़ी वहां मौजूद नहीं मिलने पर बताया गया कि कल से लगाई जायेगी।उन्होंने यह भी कहा है कि शहर के बीच या घनी आबादी में आतिशबाजी की बिक्री सख्ती के साथ प्रतिबंधित है लिहाजा कोई भी दुकानदार बीच बाजार या आबादी बाले इलाकों में आतिशबाजी की बिक्री कतई न करे वरना कठोर दंडात्मक कार्यवाही की जायेगी। इसके अलावा घनी आबादी या घरों में आतिशबाजी का भंडारण भी अक्षम्य अपराध है। अधिकारियों ने नदीगांव की भी दो दुकानों का निरीक्षण किया।

 

Leave a comment