उरई । कैलिया थाने के ग्राम सलैया बुजुर्ग में कल शाम एक बुजुर्ग को कतिपय लोगों ने बुरी तरह पीटते हुये रक्तरंजित अवस्था में झाडिय़ों में फेंक दिया और उसकी बकरियां भी चुरा ले गये। उसने पुलिस पर जबरिया सुलहनामा करा देने का भी आरोप लगाया है।
मिली जानकारी के मुताबिक कैलिया थाना क्षेत्र के ग्राम सलैया बुजुर्ग निवासी दयाराम (67) पुत्र हरदयाल बरार कल दोपहर जंगल में अपनी उन्तीस बकरियां चराने ले गया था। शाम हो जाने पर जब वह रोज की तरह घर नहीं लौटा तो उसके परिजनों को चिंता हुई और वे उसकी तलाश में जंगल पहुंच गये। काफी देर तक खोजबीन करने के बाद दयाराम रक्तरंजित अवस्था में घनी झाडिय़ों के बीच बेहोश अवस्था में पड़ा मिल गया। वे उसे उपचार के लिये कोंच के एक निजी अस्प्ताल में ले गये जहां डॉक्टरों की मशक्कत के बाद बुजुर्ग को होश आ गया। दयाराम ने अपने साथ घटित घटना के बाबत बताते हुये कहा कि दो तीन दिन पहले उसका झगड़ा मनीराम व दौलत के साथ हुआ था। घटना के दिन वह जब बकरियां चरा रहा था, इसी बीच दोनों लोग आये और लाठी डंडों से उसकी पिटाई करने लगे। उसे इतना पीटा गया कि वह बेहोश हो गया तब हमलावर उसे झाडिय़ों में फेंक कर भाग गये। उसने बताया कि हमलावर उसकी चार बकरियां भी चुरा ले गये हैं। डायल 100 को सूचित किया गया तो उसने उसके न चाहते हुये भी जबरिया सुलहनामा करा दिया। आज उसने तहसील दिवस में प्रार्थना पत्र देकर न्याय की मांग की है।

 

Leave a comment