कोंच-उरई । तहसील स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में आज फरियादियों की संख्या नगण्य सी रही जिसके चलते महज 17 शिकायतें ही दर्ज हो सकीं जिनमें 2 का मौके पर समाधान कर दिया गया। आज के आयोजन में मौजूद रहे सीडीओ एसपी सिंह ने कहा कि समस्यायें यद्यपि हैं लेकिन आम लोगों को भी समस्याओं के प्रति अपनी जबाबदेही समझनी होगी, केवल शासन या प्रशासन तंत्र समस्याओं को अपेक्षित गति से नहीं सुलझा सकते हैं। उन्होंने अधिकारियों को ताकीद की कि बहुत आशा लेकर लोग दूर दराज इलाकों से अपनी समस्यायें लेकर आते हैं अत: समयबद्घ तरीके से उनकी समस्याओं का समाधान करने में दिलचस्पी दिखायें। उन्होंने जल संरक्षण और स्वच्छता अभियान को भी बढावा दिये जाने की बात कही। बिगड़ती शिक्षा व्यवस्था और सूखे बुंदेलखंड को लेकर उन्होंने दो टूक कहा कि बुंदेलखंड के लोग ही इसे गर्त में धकेल रहे हैं, लोगों को वृक्षारोपण की ओर खास ध्यान देने की जरूरत है। इसके अलावा आम लोगों को शिक्षा के प्रति जागरूक होना पड़ेगा तभी उनके बच्च्े शिक्षित हो सकेंगे।

तहसील सभागार में एसडीएम सुरेश सोनी की अध्यक्षता, सीओ रुक्मिणी वर्मा व तहसीलदार भूपाल सिंह की मौजूदगी में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में आई समस्याओं में दो समस्याओं को अधिकारियों ने काफी गंभीर मानते हुये उन पर संबंधित विभागों के अधिकारियों का ध्यान आकर्षित कराया। ग्राम घुसिया में बर्ष 2009 में आई आंधी में गिरे पेड़ अभी भी वहीं पड़े हैं, कई बार शिकायत के बाद भी समस्या का निस्तारण नहीं किया गया। दूसरी समस्या ग्राम खुर्द की है, वहां पिछले कई दिनों से चार मगरमच्छ देखे जा रहे हैं जिससे ग्रामीण भयभीत हैं। इस बाबत कई दफा अधिकारियों के समक्ष शिकायत उठाई गई लेकिन इस समस्या का भी अभी तक समाधान नहीं किया जा सका है। गुलाबी गिरोह की कमांडर अंजू शर्मा की अगुवाई में गिरोह की सदस्याओं ने ग्राम ब्यौना राजा तथा बेंड़ा में उचित दर की दुकानों को निरस्त कर एक ही दुकान आवंटित कर दिये जाने पर कड़ा ऐतराज जताया, इन्हें अलग अलग किये जाने की मांग की गई। इस दौरान वन क्षेत्राधिकारी बीके सिंह, एसडीओ विद्युत कौशलेन्द्र सिंह, सीएचसी प्रभारी कोंच डॉ. आरके शुक्ला, नपा से सुनील, जेई विनियमित क्षेत्र रामवीर, एसओ कैलिया प्रभुनाथ, एसओ नदीगांव रवीन्द्रकुमार त्रिपाठी, कोतवाली से एसआई केदारनाथ आदि मौजूद रहे।

 

Leave a comment