उरई। जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेला को संबोधित करते हुये जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने विभागीय अधिकारियों से स्पष्ट शब्दों में कहा कि वह शासन की योजनाओं का लाभ किसानों को दिलाने में कोताही न बरतें। यदि कोई किसान उनके पास किसी योजना के बारे में जानकारी करने आये तो उसे सही-सही जानकारी देकर योजना से लाभान्वित करायें।
राजकीय इंटर कालेज परिसर में आयोजित संगोष्ठी को संबोधित करते हुये जिलाधिकारी डा. मन्नान अख्तर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने अनेकों योजनायें किसानों के लिये चलायी है जिनका लाभ किसानों को मिलना चाहिये। किसानों को उनके हकों से बंचित किया गया तो जिम्मेदार अधिकारी इसका खामियाजा भुगतेंगे। लेकिन किसी भी किसान को परेशान नहीं होने दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि किसानों से जुड़े विभागीय अधिकारियों की जिम्मेदारी बनती है तो वह अपने कार्यालय में नियमित बैठकर दूर दराज से आने वाले किसानों की समस्याओं का समाधान करायें ताकि उसे एक ही समस्या के निदान के लिये बार-बार जिला मुख्यालय तक न भागना पड़े। गोष्ठी को संबोधित करते हुये भारतीय किसान यूनियन के प्रदेशाध्यक्ष राजवीर सिंह जादौन ने कहा कि आज समूचे जनपद के किसान आबारा पशुओं की समस्या से पीड़ित हैं। ऐसी स्थिति में इस समस्या का अविलंब समाधान होना चाहिये। उन्होंने कहा कि मुसीबत के जाल में उलझा किसान किसी तरह से अपने खेतों की बुबाई तो कर लेगा लेकिन आबारा पशुओं के विचरण पर समय रहते रोक न लगी तो उसकी फसल को ऐसे पशु अपने पेट का निबाला बना लेंगे जिससे किसानों का नुकसान होगा। भारतीय किसान संघ के प्रदेशीय नेता साहब सिंह चैहान ने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्र में 15 से 16 घंटे विद्युत आपूर्ति के दावे किये जा रहे हैं। लेकिन खेतों के पलेवा के लिये अब चैबीस घंटे की आपूर्ति सुनिश्चित की जाये ताकि शत प्रतिशत खेतों का पलेवा हो सके। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में ग्रामीण क्षेत्रों में बमुश्किल 7 से 8 घंटे विद्युत आपूर्ति मिल रही है। यह स्थिति संतोषजनक नहीं मानी जा सकती है। भारतीय किसान संघ के पदाधिकारी सुभाष द्विवेदी ने कहा कि किसानों की समस्याओं को लेकर अधिकारी गंभीरता से लें। गोष्ठी में भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बलराम लंबरदार, माताप्रसाद तिवारी माधौगढ़ सहित अनेकों किसान उपस्थित रहे।
जब जनप्रतिनिधि गोष्ठी को बीच में छोड़ निकल गये………
राजकीय इंटर कालेज मैदान में आयोजित जनपद स्तरीय रबी उत्पादकता गोष्ठी एवं किसान मेला में पहुंचे सदर विधायक गौरीशंकर वर्मा, कालपी विधायक नरेंद्र पाल सिंह जादौन, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि देवेंद्र निरंजन कुछ देर तक मंच पर मौजूद रहे। लेकिन गोष्ठी के बीच में ही वह मंच से उतरकर अपने गंतव्य को प्रस्थान कर गये। यह दृश्य देखकर गोष्ठी में उपस्थित किसान कहने लगे कि किसानों के मतों से जनप्रतिनिधि का रुतबा हासिल करने के बाद अब जनप्रतिनिधियों को किसानों की समस्याओं से कोई लेना देना नहीं है। और न ही अब उन्हें किसानों की समस्यायें दिखाई दे रही है। उन्होंने बीच गोष्ठी में इस तरह से जनप्रतिनिधियों के जाने पर सवालिया निशान लगाते हुये कहा कि किसानों की समस्याओं से बड़ी आज कोई समस्या नहीं है। लेकिन जनप्रतिनिधियों ने जिस तरह से किसानों की गोष्ठी से अपना मुंह मोड़ा इसी तरह से किसान भी वक्त आने पर ऐसे जनप्रतिनिधियों को सबक जरूर सिखायेंगे।







Leave a comment