कोंच-उरई। सैकड़ों गरीबों को नित्य प्रति भोजन कराने वाली नगर की प्रमुख समाजसेवी संस्था दरिद्र नारायण सेवा समिति के तत्वाधान में दीपावली जैसे प्रकाशोत्सव पर गरीबों की दीवाली भी नये लकदक कपड़ों में मन गई। इस दौरान डेढ सैकड़ा गरीबों को नये कपड़े प्रदान किये गये। विधायक मूलचंद्र निरंजन, एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन तथा सीओ रुक्मिणी वर्मा ने संस्था के कार्यों की मुक्त कंठ से सराहना करते हुये कहा कि त्योहार की सार्थकता तभी है जब गरीबों और असहायों के त्योहार भी हंसी खुशी मन सकें।
यहां बल्दाऊ धर्मशाला में बुधवार को एक सादे समारोह का आयोजन दरिद्र नारायण सेवा समिति के तत्वाधान में किया गया जिसमें संस्था द्वारा हिंदू 60 गरीब पुरुषों तथा 80 महिलाओं को दीपावली के अवसर पर नये कपड़ों का वितरण विधायक मूलचंद्र निरंजन, एमएलसी प्रतिनिधि आरपी निरंजन और सीओ रुक्मिणी वर्मा के हाथों कराया गया। वरिष्ठ साहित्यकार नरेन्द्र मित्र ने अपनी रचना नेक कामों के लिये वक्त निकाला करिये, एक दीपक की तरह कुछ तो उजाला करिये, भूखे प्यासों के लिये कुछ तो जोडिये घट में, एक मुट्टी ही सही रोज ही डाला करिये के माध्यम से आज के इस कार्यक्रम की सार्थकता और प्रासंगिकता बताई। विधायक मूलचंद्र निरंजन ने कहा कि वास्तव में दरिद्र नारायण सेवा समिति जैसी संस्थायें और उदारमना लोग गरीबों की चिंता करते हुये उनको न केवल नित्य भोजन की व्यवस्था करने में लगे हैं बल्कि पर्वों और त्योहारों पर नये कपड़ों का वितरण कर गरीबों को भी प्रसन्न होने का अवसर प्रदान करते हैं। आरपी निरंजन ने कहा कि दरिद्र नारायण सेवा समिति अब किसी परिचय की मोहताज नहीं रह गई है, यह देख कर आत्मिक सुख की अनुभूति होती है कि यह संस्था न सिर्फ गरीबों को रोज भोजन ही कराती है बल्कि ऐसे अपाहिजों जो चल फिर सकने में असमर्थ हैं, के घरों तक टिफिन के जरिये भोजन भेजने का भी प्रबंध करती है। तीज त्योहारों पर उन्हें नये वस्त्रादि प्रदान कर उन्हें भी पर्वों की खुशियां मनाने का मौका देती है। कार्यक्रम की अध्यक्षता पूर्व बारसंघ अध्यक्ष संतलाल अग्रवाल ने की और संचालन समिति के संयोजक कढोरेलाल यादव व राजेन्द्र दुवे ने किया। जिलाध्यक्ष झांसी प्रबुद्ध सभा महावीर भार्गव, प्रो. वीरेन्द्र सिंह, केके मिश्रा, देवेन्द्र कुमार द्विवेदी, श्रीकांत गुप्ता, हाजी सेठ नसरूल्ला, अभय मुखिया, महेन्द्र पटेल, हाजी मुहम्मद अहमद, गजराज सिंह सेंगर, प्रतिपाल सिंह गुर्जर, भाजपा अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, सुनील शर्मा, राजेशचंद्र गोस्वामी, धर्मादा के पूर्व अध्यक्ष केशव बबेले, हरिश्चंद्र तिवारी, अनिल वर्मा, ब्रजमोहन वर्मा, रज्जाक अंसारी, रज्जाक कुरैशी आदि मौजूद रहे।







Leave a comment