कोंच-उरई। निकाय चुनाव की तैयारियों में जुटे प्रशासन ने पोलिंग बूथों का जो निर्धारण किया है उसमें कोंच नगर पालिका के कई बूथ अति संवेदनशील व संवेदनशील की श्रेणी में हैं। इन बूथों पर एक ही जाति या वर्ग की बहुतायत के कारण इन्हें इस श्रेणी में डाला गया है। इसके अलावा दो बूथ संवेदनशील बनाये गये हैं। उधर, नगर पंचायत नदीगांव में सभी के सभी दसों बूथ अति संवेदनशील की श्रेणी के हैं जिसके चलते मतदान के दिन वहां चैकसी ज्यादा करनी पड़ेगी।
कोंच नगर निकाय में पच्चीस वार्ड हैं और तकरीबन बयालीस हजार मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। मतदान के लिये 13 मतदान केन्द्र तथा 53 मतदेय स्थल बनाये गये हैं। इनमें 7 मतदेय स्थल सं.12 जलकल कार्यालय भगतसिंह नगर, मतदेय स्थल संख्या 27, 28, 29 व 30 कन्या जूनियर हाईस्कूल भगतसिंह, सं. 34 व 35 प्राइमरी पाठशाला भगतसिंह नगर नई इमारत अति संवेदनशील श्रेणी के हैं। इन्हें जातिगत आधार पर इस श्रेणी में डाला गया है। इसके अलावा इन बूथों पर मतदान प्रतिशत भी औसत से काफी ज्यादा दर्ज किया जाता रहा है। मतदेय स्थल सं. 42 व 43 प्राइमरी पाठशाला भगतसिंह नगर में भी जातिगत आधार है लेकिन इन्हें संवेदनशील माना गया है। नदीगांव में कन्या जूनियर हाईस्कूल परिहारपुरा, प्राथमिक विद्यालय नदीगांव तथा कार्यालय नगर पंचायत के दो-दो बूथ तथा जिला परिषद् इंटर कॉलेज के सभ्ज्ञी चार बूथ अति संवेदनशील श्रेणी के बनाये गये हैं जहां प्रशासन और चुनाव आयोग को सुरक्षा के अतिरिक्त प्रबंध करने होंगे।

Leave a comment