उरई। कोटेदार के भूसा घर से अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर 35 हजार रुपये नगद और हजारों रुपये के जेवर चुरा लिये। गोहन थाने की ईंटों चैकी अंतर्गत ग्राम नावर के कोटेदार रामदास का परिवार मकान में रहता है लेकिन खुद रामदास कच्चे भूसा घर में सोते हैं। इसी भूसा घर में वे छुपाकर रुपये और कुछ सोने-चांदी का सामान रखे हुए थे। चोरी करवाने वाला उनका कोई नजदीकी आदमी मालूम होता है जिसे इसकी जानकारी थी। इसलिए जब वे बाहर सो रहे थे उसने आहिस्ते से भूसा घर का ताला तोड़ा और भीतर घुस गया। भीतर भूसा खगांलकर उसने छुपाकर रखे गये 35 हजार रुपये और कड़ा, सोने की माला, पायल, सोने की दो अंगूठी, एक जोड़ी तोड़ियां तड़ दी और खिसक गया। सुबह जब रामदास का पुत्र भूसा भरने आया तो ताला चटका देखकर उसका माथा ठनका। उसने अपने पिता से पूछा कि आपने तो ताला नही खोला था। रामदास भी उसके सवाल से घबरा गया। भीतर जाकर उन्होंने देखा तो भूसा बिखरा पड़ा था और जिस पोटली में नगदी व जेवर दबाकर रखे गये थे वह गायब थी। रामदास ने पुलिस में तहरीर दे दी है जिसके बाद ईंटों चैकी के उपनिरीक्षक ने मौके पर आकर जांच की और चोरों का पता लगाने का भरोसा दिलाया। नावर में इसके पूर्व दो महीने पहले सुरेश वर्मा के यहां भी चोरी हो गई थी जिसमें उन्होंने नाम लेकर कुछ लोगों पर संदेह जताया था लेकिन पुलिस इसके बावजूद उक्त चोरी का खुलासा नही कर पाई है। पुलिस की अक्षमता के कारण अराजक तत्वों के हौसले बुलंद हैं।

Leave a comment