
कोंच-उरई । बीती देर शाम नगर के ऐतिहासिक स्मारक चंदकुआ पर वीरांगना लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के नीचे भाजपाइयों ने दीपोत्सव मना कर भगवान राम के वनवास से अयोध्या लौटने की त्रेता युग की घटना को सेलीब्रेट किया। पार्टी आलाकमान से मिले निर्देशों के तहत पहली बार भाजपा ने यह उत्सव मनाया। इस अवसर पर इलाकाई विधायक मूलचंद्र निरंजन ने लोगों को दीपावली की शुभकामनायें देते हुये कहा कि लोग अपनी सांस्कृतिक विरासतों को भूलते जा रहे हैं, भाजपा का यह प्रयास निश्चित रूप से स्तुत्य है कि उसने अपनी इस भारतीय सांस्कृतिक विरासत को सहेजने की अभिनव पहल की है।

बीती शाम जिस वक्त यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ अयोध्या में त्रेता युग की घटना राम के वनवास से अयोध्या लौटने की घटना को जीवंतता प्रदान कर रहे थे और सरयू तट पर दीपोत्सव मना रहे थे, ठीक उसी वक्त उन्हीं का अनुसरण करते हुये यहां भी चंदकुआ पर जुटे सैकड़ों भाजपाई दीपोत्सव मना कर योगी के कार्यक्रम को सपोर्ट कर रहे थे। इलाके के विधायक मूलचंद्र निरंजन की अगुवाई में संजोये गये इस कार्यक्रम में भाजपाइयों ने कमल पुष्प की आकृति पर दीपोत्सव मनाया और कार्यकर्ताओं ने दीप से दीप जलाते चलो की अवधारणा को पोषण दिया। पूर्व भाजपा अध्यक्ष कमलेश चोपड़ा, ब्रजेन्द्र मयंक, सुनीलकांत तिवारी, सुनील लोहिया, सुनील शर्मा आदि ने दीपावली मनाये जाने के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला और पीएम मोदी के स्वच्छता मिशन को आगे बढाने के लिये आम जन की सहभागिता पर जोर दिया। वक्ताओं ने कहा कि दीपावली वस्तुत: साफ सफाई और रोशनी का पर्व है जो हमें सामाजिक बुराइयों के अंधेरे मिटाने और लोगों को प्रकाश की ओर ले जाने का संदेश देती है। संचालन अमित उपाध्याय ने किया। गैस भरे प्रकाशमान गुब्बारों को जब आसमान में छोड़ा गया तो अद्भुत नजारा देखने को मिला। इस दौरान भाजपा अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, विनोद अग्निहोत्री, आनंद सेठ, नरेश वर्मा, मनोजभान वर्मा, संजय रावत, महेन्छ्र पटेल, विजय रावत, राजेश्वरी यादव, अनिल अग्रवाल, धर्मेन्द्र राठौर, ब्रजेन्द्र कुशवाहा, नरेन्द्र वर्मा, राहुलबाबू अग्रवाल, मयंकमोहन गुप्ता, डॉ. दिलीप अग्रवाल, जगदीश तिवारी, शीलू कुठौलिया, रामजी राजपूत, ब्रजेश, दीपक गर्ग, शैलेन्द्रसिंह, प्रदीप वर्मा, अवध बाल्मीकि, नीरज दुवे, रवि कुशवाहा सहित तमाम लोग मौजूद रहे।






Leave a comment