उरई। जीआरपी के सिपाही ने मौसी के लड़के को ट्रेन पर बैठाने आये बेकसूर युवक को पकड़कर रात भर थाने में रखा और मार-मार कर उसे अधमरा कर दिया। इस दौरान उसके एक हजार रुपये भी सिपाही ने छीन लिये। पीड़ित युवक की मां ने शनिवार को पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की। एसपी ने सीओ सिटी को फौरन इसकी जांच के लिए निर्देशित किया है।
कांशीराम कालौनी में रहने वाली संगीता पत्नी स्व. पप्पू बाबा के पति की एक वर्ष पहले मौत हो गई थी। वे अपने पुत्र के साथ रहती हैं। शुक्रवार को रात में उनका पुत्र अजय अपने मौसेरे भाई को नागपुर रवाना करने रेलवे स्टेशन पर आया था। इसी दौरान जीआरपी के सिपाही राजेंद्र कुमार ने उसे संदिग्ध समझकर पकड़ लिया। थाने लाकर सिपाही ने उसकी जामा-तलाशी ली जिसमें मिले एक हजार रुपये वह हड़प गया। इसका विरोध करने की वजह से सिपाही ने बर्बरता पूर्वक अजय को पीटा और रात भर उसको थाने में रखा। सुबह जानकारी होने पर संगीता थाने से अपने बेटे को लेकर आईं। उन्होंने पुलिस अधीक्षक को बताया कि अस्पताल में पुलिस के मैमों के बिना उसकी घायल बेटे का इलाज डाॅक्टर नही कर रहे हैं। एसपी ने सीओ को मामले की जांच करने और इलाज में पीड़ित को मदद देने के लिए निर्देशित किया।

Leave a comment