उरई। पुलिस ने जहरीली शराब की बिक्री के एक बड़े मामले का खुलासा किया है। इस सिलसिले में एक शराब तस्कर को बड़ी मात्रा में मिलावटी शराब के जखीरे के साथ दबोचा गया है।
कालपी के पुलिस उपाधीक्षक सुबोध कुमार गौतम ने बताया कि स्वाॅट टीम के प्रभारी लखन सिंह और कोतवाली कालपी के एसएसआई विक्रम सिंह चैहान ने मुखबिर की सूचना पर संयुक्त रूप से यूरिया मिलाकर बनाई जा रही शराब के अडडे पर छापा मारा। कार्रवाई के दौरान एक आरोपी भाग निकला जबकि एक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी जालौन कस्बे के मोहल्ला खंडेराव का निवासी राकेश शिवहरे बताया गया है। जिस पर पहले से हत्या, चार सौ बीसी सहित 9 संगीन मुकदमें पहले से दर्ज हैं। फरार आरोपी कल्लू उर्फ विशंभर यादव निवासी राजघाट कालपी की भी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।
सुबोध गौतम ने बताया कि आरोपी मध्य प्रदेश व अन्य प्रांतों से शराब लाकर नशे की तीव्रता बढ़ाने के लिए यूरिया मिलाते थे। अडडे से क्वार्टर में भरी 16 पेटी देशी शराब, खाली क्वार्टर, फाइटर शराब के रेपर, चार किलो यूरिया का घोल और दो किलो यूरिया बरामद की गई है।

Leave a comment