उरई । आगामी 22 नबंवर को निकाय चुनाव के वोट डाले जाने हैं । इससे पूर्व प्रत्याशियों को जनता के बीच अपनी बात कहने और उन्हें आइना दिखाने के लिये एक पत्रकार संगठन  ने शनिवार को  कोंच में कार्यक्रम संजो कर मंच प्रदान किया जिसमें प्रत्याशियों ने अपनी बात कह कर एक तरह से अपना चुनावी घोषणा पत्र जनता के बीच रखा। इन्हीं घोषणाओं में छिद्रान्बेषण करते हुये आयोजक संस्था के एंकर्स ने प्रत्याशियों के समक्ष कुछ जलते सवाल दागे जिनका कई प्रत्याशियों ने बेबाकी से जबाब दिया तो कुछ बगलें झांकते से दिखे। देखा यह भी गया कि अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ रहे सत्रह प्रत्याशियों में से पांच प्रत्याशियों ने जनता का सामना करने की हिम्मत भी नहीं संजो पाई। एंकरिंग दो बच्चियों एमए बीटीसी और टेटकर चुकी शिखा दुवे एवं बीटीसी की छात्रा रोहिणी झा ने संयुक्त रूप से की।

यहां केलर गंज के ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत बरिष्ठ पत्रकार रमेश तिवारी ने मां सरस्वती के चित्र का पूजन और दीप प्रज्वलित कर की। इसके बाद एक एक कर सभी दलीय और निर्दल प्रत्याशियों को अपनी बात सात मिनट में रखने का अवसर दिया गया। कुछ प्रत्याशी अपना पूरा समय ले गये तो कुछ ने अपनी बात एकाध मिनट में ही खत्म कर दी। निर्दलीय प्रत्याशी जगजीवन राम अमीटा ने जनता के बीच किसी प्रकार का वायदा करने से साफ इंकार करते हुये कहा कि उनसे जो भी अच्छे से अच्छा बन सकेगा, पालिका के विकास के लिये किया जायेगा। एक अन्य निर्दलीय प्रत्याशी अंजली रजक ने बड़ी ही सहजता से अपनी बात रखते हुये कहा कि उनका मकसद केवल जनता की सेवा करना है। कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सरिता वर्मा ने कहा कि वह कोई राजनेता नहीं हैं और न ही उन्हें राजनीति करनी आती है, उनके मन में जनता की सेवा करने की हूक उठी और वह मैदान में आ गईं। उन्होंने धनुताल, चौडऱा ताल और भुंजरया ताल का सुंदरीकरण कराने की बात कही। भाजपा प्रत्याशी प्रेमनारायण वर्मा ने प्रदेश भाजपा द्वारा जारी निकाय चुनाव का संकल्प पत्र बांचने में ही दिया गया पूरा समय गंवा दिया। उन्होंने यह कह कर जनता को चौंका दिया कि पालिका में अब तक कोई विकास हुआ ही नहीं। बसपा प्रत्याशी जितेन्द्र राय ने भी लंबा चौड़ा चुनाव घोषणा पत्र बनवाया था, उन्होंने कोंच को आदर्श नगर पालिका बनाने और सीवी व्यवस्था को पटरी पर लाने की बात कही। उन्होंने भरोसा दिया कि छह माह में पालिका का सीमा विस्तार करा दिया जायेगा। निर्दलीय नंदकिशोर अहिरवार ने बड़ी ही साफगोई से कहा कि अब तक के चेयरमैनों ने पालिका के माध्यम से सरकारी धन की लूट खसोट की है, यदि वह चेयरमैन बनते हैं तो पालिका में ईमानदारी से काम कराया जायेगा।

सपा प्रत्याशी पारस वर्मा ने कहा कि युवा होने के नाते वह पालिका का विकास कराने की अन्य प्रत्याशियों से ऊर्जा अधिक राखते हैं। उन्होंने बेहतर शिक्षा, हर बर्ष कोंच महोत्सव, सुसज्जित बस अड्डा देने की बात कही। आप प्रत्याशी गौरीशंकर वर्मा ने कहा कि वह कोई वायदा नहीं करते हैं क्योंकि न तो उनकी सरकार केन्द्र में है और न ही राज्य में जिससे वह बजट लाने का वायदा कर सकें। निर्दलीय संतोष वर्मा ने कहा कि उनका पूरा जोर समता और समानता पर रहेगा, छोटे बड़े सभी के साथ सरकारी दफ्तरों में बराबरी से बात करने, नि:शुल्क एंबुलेंस, ईदगाह का सुंदरीकरण कराने की बात कही। निर्दलीय अवधविहारी बाल्मीकि ने कहा कि वह पालिका में दलालों की दाल नहीं गलने देंगे और पूरी पारदर्शिता से विकास करायेंगे, नलों में पहुंच रहे सीवरयुक्त पानी की जगह स्वच्छ पानी की व्यवस्था कराई जायेगा। एक अन्य निर्दलीय चौ. जगजीवन राम अमीटा ने कहा कि बाल्मीकि से लेकर ब्राह्मïण तक और हिंदू से लेकर मुसलमान तक बिना किसी भेदभाव के विकास की प्रक्रिया का हिस्सा बनेंगे। निर्दलीय अनिल वर्मा ने कहा कि कोंच नगर के सर्वांगीण विकास में उनसे जो भी बन पड़ेगा, करेंगे और कोंच को ऐसी नगर पालिका बनाने का प्रयास करेंगे कि यूपी में उसकी अलग पहचान बन सके। लखन वर्मा ने भी बहुत ही कम शब्दों में अपनी बात रखते हुये कहा जन सहयोग से वह नगर का विकास करायेंगे। इस कार्यक्रम में एआईएमआईएम प्रत्याशी संतराम रजक, निर्दलीय वंदना वर्मा, निर्दलीय विद्यादेवी, निर्दलीय हरीमोहन वर्मा तथा निर्दलीय पूनम वर्मा ने पूरी तरह से कन्नी काटी और जनता के बीच नहीं पहुंचे। आभार उपजा अध्यक्ष अंजनी श्रीवास्तव ने जताया। इस दौरान बरिष्ठ पत्रकार पुरुषोत्तमदास रिछारिया, संजय सोनी, असद अहमद, राहुल राठौर, ऋषि झा, दिलीप पटेल, बाबूराम पाल, हरीमोहन याज्ञिक, हरिओम याज्ञिक, दुर्गेश कुशवाहा, तरुण निरंजन, रवि दुवे, सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष चौ. धीरेन्द्र यादव, कांग्रेेस अध्यक्ष प्रभुदयाल गौतम, सपा नेता सरनामसिंह यादव, पूर्व सपा नगर अध्यक्ष द्वय रहम इलाही कुरैशी, गुफरान अहमद, विनोद अग्निहोत्री, सुनीलकांत तिवारी, सचिन शुक्ला, कमलेश चोपड़ा सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।

Leave a comment