उरई  । बीती 15/17 नबंवर की रात  कोंच कस्बे के गिरवर नगर इलाके में मिली भुर्री कुरैशी की सिर कटी लाश का रहस्य और उसकी हत्या की बजह अभी भी साफ नहीं हो पा रही है। घटनास्थल पर मिले कुछ अहम् चीजें यह संकेत जरूर कर रहीं हैं कि भुर्री की हत्या किसी घर में भारी तेज धार हथियार से की गई है । जिस नृशंस तरीके से भुर्री की हत्या की गई और अंग भंग कर कटे अंगों को दूर दूर फेंका गया उससे हत्यारोपियों की क्रूरता और मंशा का साफ पता चलता है और इशारा इस बात की ओर भी है कि कहीं कारोबारी प्रतिस्पर्धा तो उसकी हत्या की बजह नहीं बनी। इलाकाई चर्चाओं में यह भी निकल कर आया था कि मृतक को पुलिस की मुखबिरी के संदेह में मारा गया है।

शुक्रवार को  लाश एक गद्दे में लिपटी हुई घटना स्थल पर मिली थी जिससे साफ है कि किसी घर में उसे मारा गया और खेत में लाश को ठिकाने लगाया गया। लाश के आसपास कुछ शराब के पाउच भी खाली पड़े मिले थे जिन पर रक्त के धब्बे देखे गये हैं। इलाके में व्याप्त चर्चाओं की अगर मानें तो भुर्री पर पुलिस का मुखबिर होने का भी संदेह जताया गया है जिसके चलते उसने अपने काफी दुश्मन बना रखे थे। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि गोवंश बध के खेल में कारोबारी प्रतिस्पर्धा भी हत्या की बड़ी बजह हो सकती है। बहरहाल, हत्या का उद्देश्य क्या रहा यह अभियुक्तों की गिरफ्तारी के बाद ही पता चल सकेगा। हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद करना पुलिस के लिये किसी चुनौती से कम नहीं है। पुलिस ने पांचों नामजद अभियुक्तों के खिलाफ हत्या की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है और उनकी गिरफ्तारी के लिये लगातार दबिशें दी जा रहीं हैं लेकिन अभी एक भी आरोपी पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है, अलबत्ता उनके कुछ परिजनों को जरूर पुलिस ने उठाया है ताकि आरोपियों पर दबाव बन सके।

Leave a comment