
उरई। नगर निकाय चुनाव में भाजपा प्रत्याशियों के समर्थन में सभा करने आए प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि कार सेवकों पर गोली चलाने वाले लोग आज कृष्ण का मंदिर बनवाने की बात कह रहे हैं । जो लोग मंदिर के नाम से कतरा जाते थे, आज वे गली-गली में मंदिरों पर मत्था टेक रहे हैंं। यह भाजपा के एजेंडे के सामने उनके नतमस्तक होने का नमूना है ।
रविवार को स्थानीय पुलिस लाइन में हैलीकॉप्टर से उतरने के बाद मौर्य ने गांधी इंटर कालेज के मैदान में आयोजित सभा को लगभग आधे घंटे तक संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार द्वारा चलाई गई विभिन्न योजनाओं का जमकर बखान किया। उन्होंने नोटबंदी को एतिहासिक और साहसिक कदम बताते हुए कहा कि इससे भ्रष्टाचार और आतंकवाद की जड़ों पर प्रहार हुआ है । उन्होंने पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ सेना और अन्य सुरक्षा बलों द्वारा चलाई जा रही कारगर मुहिम का भी जिक्र किया। साथ ही, सर्जिकल स्ट्राइल की भी चर्चा की।
जिससे भारत में सारी दुनिया को कडे तेवरों का एहसास कराने में कामयाबी पाई। केशव प्रसाद मौर्य के भाषाण में खास बात यह रही कि उन्होंने न तो एक भी बार मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिया और न ही प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का दम भरा । केशव मौर्य का यह रुख इसलिए नोटिस करने लायक माना जा रहा है कि भाजपा ने दूसरे राज्यों में योगी के चेहरे को वोटरों को आकर्षित करने लायक मानकर उन्हें चुनाव प्रचार में उतारा है, लेकिन अपने ही राज्य में उन्हीं के मंत्रिमंडल के लोग उनका नाम लेने की कोई उपयोगिता नहीं समझ रहे हैं।
केशव मौर्य ने चुनावी आचार संहिता के कारण बुंदेलखंड के लिए कोई घोषणा कर पाने में मजबूरी जताई, लेकिन यह कहा कि यहां के सांसदों और विधायकों से बड़ी संख्या में सड़क व पुल के लिए प्रस्ताव मिले हैं। यह सभी प्रस्ताव मंजूर किए जाएंगे। अभी तक बुंदेलखंड के लोग दूसरे राज्यों में रोजगार की तलाश में पलायन करते थे, लेकिन कुछ ही दिनों बाद न केवल बुंदेलखंड के लोग अपने इलाके में रोजगार हासिल कर सकेंगे, बल्कि दूसरे राज्यों के लोग भी बुंदेलखंड में रोजगार तलाशने के लिए आने लगेंगे। सभा का संचालन भाजपा जिलाध्यक्ष उदयन पालीवाल ने किया। सांसद भानु प्रताप वर्मा, विधायक गण गौरीशंकर वर्मा, मूलचंद्र निरंजन, नरेंद्र पाल सिंह जादौन ने भी सभा को संबोधित किया। ब्रजभूषण सिंह मुन्नू, हरिओम उपाध्याय, उदय सिंह पिंडारी, उर्विजा दीक्षित, नागेंद्र गुप्ता, नीरज श्रीवास्तव आदि मंचासीन रहे।






Leave a comment