कोंच-उरई । मतदान के चौबीस घंटे पहले यानी आज शाम पांच बजे प्रचार वाहनों के पहिये पूरी तरह थम गये हैं। इसी के साथ पिछले कई दिनों से जारी कानफोड़ू प्रचार भी बंद हो गया है, लेकिन इससे पूर्व पूरे दिन प्रत्याशियों का शक्ति प्रदर्शन चलता रहा। पालिका अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे सत्रह प्रत्याशियों में से कमोवेश आधे प्रत्याशियों ने अपनी पूरी ताकत रोड शो में झोंक दी। दिन भर चली इस आपाधापी के कारण कस्बे में जगह जगह जाम की स्थितियों से आम आदमी को जूझना पड़ा।
कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सरिता वर्मा ने मियांगंज स्थित अपने चुनाव कार्यालय से सुबह दस बजे रोड शो की शुरुआत की। हजारों की भीड़ के साथ उन्होंने नगर भर में भ्रमण कर अपने लिये वोट मांगे। उनके साथ पार्टी के बड़े नेताओं के अलावा वयवसायियों की भी भारी भीड़ रही। भाजपा प्रत्याशी प्रेमनारायण वर्मा ने भी काफी तामझाम के साथ रोड शो निकाला जिसमें डीजे पर जय श्रीराम तथा हर हर महादेव के नारे ज्यादा गूंजे। सपा के पारस वर्मा ने पहाडग़ांव रोड से अपने रोड शो की शुरुआत की और लुभावने नारों के साथ अपने लिये समर्थन जुटाने का प्रयास किया। बसपा प्रत्याशी जितेन्द्र राय, निर्दलीय अवधविहारी बाल्मीकि, पूनम वर्मा, चौ. जगजीवन राम अमीटा, अनिल वर्मा आदि ने भी अपनी अपनी क्षमताओं के मुताबिक भीड़ जुटा कर रोड शो किया। कहीं कहीं तो आलम यह रहा कि एक के पीछे दूसरा प्रत्याशी लगा रहा। सड़कों पर उमड़ी भीड़ के कारण जगह जगह जाम की भी विकट समस्या रही और मुसाफिरों, पैदल राहगीरों तथा वाहन यातायात पटरी से उतरा दिखा।






Leave a comment