कोंच-उरई । गिरवर नगर इलाके में बेरहमी से हुये पुलिस के मुखबिर के कत्ल के मामले में पुलिस को आज आधी अधूरी ही सही लेकिन पहली सफलता जरूर मिल गई है, पुलिस ने हत्याभियुक्तों में से एक को आज तड़के गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हालांकि अभी इस मामले का मुख्य आरोपी तथा आला कत्ल बरामद करना पुलिस के लिये किसी बड़ी चुनौती से कम नहीं है।

पिछले दिनों गिरवर नगर इलाके में एक पुलिस मुखबिर का इतनी बेरहमी से कत्ल किया गया था कि उसका सिर कहीं, धड़ कहीं और हाथ कहीं मिले थे। गनीमत यह रही कि दो घंटे की मशक्कत में ही पुलिस ने इधर उधर बिखेरे गये कटे अंगों को हस्तगत करके भानुमती के कुनबे की तरह उन्हें जोड़ कर लाश की शिनाख्त करा ली थी जो आराजी लेन निवासी अकबर उर्फ भुर्री पुत्र मूसा कुरैशी की निकली। इस मामले में मृतक के भाई अफसर उर्फ कालिया ने पांच लोगों के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई थी। अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये एसपी अमरेन्द्रप्रसाद सिंह के निर्देश पर सीओ रुक्मिणी वर्मा के निर्देशन में टीम गठित की गई थी जिसमें कोतवाल संतोषकुमार सिंह, एसएसआई मनोजकुमार सिंह, एसआई रामकुमार सिंह चौहान, हैड कांस्टेबिल मोहम्मद आजाद, कांस्टेबिल सुबोध, आनंद तिवारी, श्याम चौधरी शामिल रहे। पुलिस को आज अलस्सुबह सूचना मिली कि नामजद आरोपियों में से एक गोलू कुरैशी पुत्र इस्माइल को पिंडारी रोड पर देखा गया है। सूचना पर फौरी संज्ञान लेते हुये सुबह साढे छह बजे पुलिस टीम ने घेराबंदी करके गोलू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने माना है कि भुर्री की हत्या उसके पुलिस मुखबिर होने की बजह से ही की गई है। पकड़े गये अभियुक्त ने बताया कि भुर्री पशु कटान के मामलों में पुलिस को सूचना देता था जिससे उसे तथा उसके साथियों को कई दफा जेल की हवा खानी पड़ी। बेरहमी से किये जाने के पीछे भी हत्याभियुक्तों का मकसद मुखबिरों में इतना खौफ पैदा करना रहा ताकि भबिष्य में किसी की हिम्मत पुलिस की मुखबिरी करने की न पड़े। उसने यह भी बताया कि हत्या उसी जगह की गई थी जहां शव मिला था जबकि कटा हाथ जेब में डाल कर ले गया था जिसे अंडा रोड पर फैंका गया था और कटा हुआ सिर घटनास्थल से थोड़ी ही दूर ईदगाह के पीछे उछाल दिया था। पकड़े गये अभियुक्त के खिलाफ गोकशी के भी मामले दर्ज हैं। उत्साहबद्र्घन के लिये पुलिस टीम को एसपी ने नकद पुरस्कार प्रदान किया है। कोतवाल का कहना है कि अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिये भी लगातार दबिशें दी जा रहीं हैं और जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जायेगा।

Leave a comment