कोंच व नदीगांव निकाय का मतदान कराने को भेजी गईं 63 पोलिंग पार्टिंयां

 

 

कोंच=उरई । नगर निकाय चुनाव के लिये कल 22 नबंवर को होने बाले मतदान की उल्टी गिनती खत्म हो जाने के साथ ही आज कड़ी सुरक्षा के बीच पोलिंग पार्टिंयां रवाना कर दी गईं हैं। एसआरपी ग्राउंड में बनाये गये स्ट्रांग् रूम से मत पेटियां व अन्य मतदान सामग्री लेकर कुल 63 पोलिंग पार्टिंयां रवाना की गईं हैं जिनमें 53 कोंच पालिका क्षेत्र तथा 10 नदीगांव नगर पंचायत क्षेत्र के लिये रवाना हुईं हैं। एसडीएम, सीओ व तहसीलदार की देखरेख में सभी पार्टिंयों को रवाना किया गया ।

कल 22 नबंवर को निकाय चुनाव के लिये मतदान होना है, कड़ी सुरक्षा के बीच आज एसआरपी इंटर कॉलेज से पार्टिंयां रवाना हुईं। एसडीएम सुरेश सोनी, सीओ रुक्मिणी वर्मा तथा तहसीलदार भूपाल सिंह लगातार कंट्रोल रूम में रह कर पार्टिंयां रवाना कराने की रिपोर्टें लेते रहे। कोंच नगर पालिका के लिये बनाये गये 53 पोलिंग बूथों के लिये 53 पार्टिंयां भेजी गईं हैं। सभी पार्टिंयों में पीठासीन अधिकारी के अलावा प्रथम, द्वितीय व तृतीय मतदान अधिकारी के अलावा सुरक्षा बलों को भी लगाया गया है। यहां 6 पार्टिंयां रिजर्व में रखीं गईं हैं जिन्हें किसी भी बिषम परिस्थिति में मतदान कार्य में लगाया जा सकता है। नदीगांव नगर पंचायत में बनाये गये 10 पोलिंग बूथों के लिये दस पार्टियां भेजी गई हैं, यहां के लिये एक पार्टी रिजर्व में रखी गई है। एसडीएम सोनी ने बताया कि दो जोनल मजिस्ट्रेट कोंच निकाय तथा एक नदीगांव के लिये लगाया गया है, जबकि पांच सेक्टर मजिस्ट्रेट कोंच व दो नदीगांव में लगाये गये हैं जो लगातार मतदान कार्य पर नजर रखेंगे।

 

मतदान केन्द्रों पर लगाया गया है पर्याप्त सुरक्षा बल

मतदान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिये सभी मतदान केन्द्रों पर पर्याप्त सुरक्षा बलों की तैनाती की जा रही है। बताया गया है कि कोंच में 15 सब इंसपेक्टर, 61 कांस्टेबिल, 104 होमगार्ड्स तथा 4 महिला आरक्षियों को तैनात किया जाना है। उधर, नदीगांव में सभी दसों पोलिंग बूथ अति संवेदनशील हैं और वहां गड़बड़ी के ज्यादा अंदेशों को ध्यान में रखते हुये वहां के मतदान केन्द्रों पर 7 एसआई, 30 सिपाही तथा 78 होमगार्ड्स लगाये जा रहे हैं। इसके अलावा क्यूआरटी बैरियर लगा कर भी समूची मतदान प्रक्रिया पर नजर रखी जायेगी। इसके अलावा प्रभारी जोनल पुलिस अधिकारी भी मतदान कार्य पर निगाहें रखेंगे।

Leave a comment