
जालौन-उरई । 22 नबंवर को संपन्न होने वाले निकाय चुनावों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के इरादे से डीएम, एसपी सहित कोतवाली पुलिस सहित अतिरिक्त पुलिस बल ने चुनाव की पूर्व संध्या पर नगर के विभिन्न मार्गाें पर पैदल मार्च कर अराजकतत्वों को एहसास करा दिया कि यदि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी फैलाने की कोशिश की गई तो उनकी खैर नहीं।
बुधवार को निकाय चुनाव के प्रथम चरण में नगर के लोग अपने मताधिकार का प्रयोग कर नगर पालिका अध्यक्ष पद सहित अपने-अपने वार्डों से सभासद पद के प्रत्याशियों का भाग्य मतपेटियों में बंद करेंगे। चुनाव के दौरान अराजक तत्व भी सक्रिय रहते हैं एवं मौका मिलने पर गड़बड़ी फैला सकते हैं। इस आशंका को देखते हुए जिलाधिकारी मन्नान अख्तर, पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में कोतवाली में तैनात पुलिस फोर्स के अलावा अन्य जिलों से मंगाई गई अतिरिक्त पुलिस फोर्स के साथ नगर की सड़कों पर पैदल मार्च निकाला गया। अत्याधुनिक असलहों से लैस नगर की सड़कों पर निकली पुलिस फोर्स को देखकर एक ओर जहां अराजक तत्वों के हौसले पस्त हुए तो वहीं आमजन ने सुरक्षा का अहसास किया। इस दौरान डीएम व एसपी ने नगर की जनता को आश्वस्त किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की गड़बड़ी नहीं होने दी गई। यदि कोई अराजक तत्व चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी फैलाने की कोशिश करता हुआ पाया जाता है अथवा चुनाव के दौरान शांति भंग करने की कोशिश करता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी संजय कुमार शर्मा, कोतवाली प्रभारी विनोद मिश्रा, एसएसआई बृजनेश यादव, चैकी प्रभारी विश्वनाथ सिंह, एसआई सोबरन सिंह आदि सहित लगभग पांच सैंकड़ा पुलिस जवान मौजूद रहे।







Leave a comment