जालौन-उरई । सोमवार को सायं से चुनाव प्रचार थम जाने के बाद मतदाताओं को लुभाने एवं अपनी ओर करने के लिए बैठकों का दौर शुरू हो गया है। प्रत्याशियों द्वारा वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए जोड़ तोड़ की कोशिशें जारी हैं।

नगर निकाय चुनाव का प्रचार सोमवार की सायं से थम गया है। चुनाव प्रचार थमने के बाद अब बैठकों का सिलसिला शुरू हो गया है। अध्यक्ष व सभासद पद के प्रत्याशी जाति व क्षेत्र विशेष के लेागों को अपनी ओर करने के लिए जोड़ तोड़ में लगे हुए हैं। वोटरों को अपने पक्ष में करने के लिए प्रत्याशियों द्वारा लगातार प्रयास जारी है। नगर में सोमवार की रात बैठकों का दौर जारी रहा। तो वहीं, मंगलवार को मतदेय स्थल पर खुलने वाले काउंटरों की व्यवस्था बनाने का काम किया गया। सभासद व अध्यक्ष पद के प्रत्याशी पूरे दिन पैदल भ्रमण कर मतदाताओं को साधने का प्रयास करते रहे। वहीं उनके समर्थक बुधवार को खुलने वाले काउंटरों की व्यवस्था के साथ वोट मैनेजमेंट में लगे रहे। एक एक वोट पर नजर लगाकर उन्हें अपने पक्ष में कराए जाने का प्रयास किया जा रहा है। यदि कोई वोटर बाहर है तो उसे बुलाए जाने का भी प्रयास किया जा रहा है। हालांकि अभी तक मतदाताओं ने अपना रूझान स्पष्ट नहीं किया है। वह आने वाले सभी प्रत्याशियों का स्वागत कर उन्हें अपना समर्थन देने की बात कह रहे हैं। अब देखना है कि आज होने वाले मतदान में ऊंट किस करवट बैठता है। मतदान को लेकर मतदाताओं का कहना है कि पिछली कई पंचवर्षीय योजनाओं से नगर वासियों काफी छला जाता रहा है। वादे तो बहुत किए गए लेकिन हकीकत में हुआ कुछ नहीं नगर की जनता को सिर्फ वोट बैंक समझा गया लेकिन इस बार ऐसा कुछ नहीं होगा। नगर की जनता ऐसे प्रत्याशी को चुनना चाहती है जो वास्तव में नगर का हित चाहता हो। हवा हवाई वादे न कर ईमानदारी से नगर की समस्याओं को समझकर उनका निस्तारण करे।

 

 

Leave a comment