
उरई। नेशनल हाइवे के आटा टोल प्लाजा पर पर्ची काटने को लेकर गुरुवार की रात भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामू निरंजन और उनके दबंग साथियों की टोल कर्मचारियों के साथ जमकर मारपीट हुई। इसमें दबंगों की एक गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई जबकि टोल प्लाजा के दो कर्मचारी घायल हो गये। बाद में पुलिस ने टोल प्लाजा के मैनेजर की तहरीर पर तीन लोगों को नामजद करते हुए 15-20 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा कायम कर लिया है।
आटा टोल प्लाजा पर रात में लोकल की गाड़िया होने का हवाला देकर भारतीय जनता युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष रामू निरंजन, रज्जन सिंह परासन, और गुडडा सेठ ने अपनी तीन-चार गाड़ियां बिना टैक्स की पर्ची कटवाये निकाल ले जाने का प्रयास किया। लेकिन टोल कर्मचारी उनसे भिड़ गये। जिसके बाद जमकर मारपीट शुरू हो गई। टोल कर्मचारियों ने भी डंडे चलाये। जिसमें दबंगों की एक स्कार्पियों क्षतिग्रस्त हो गई। दबंग बाद में भाग निकले। लेकिन उनकी क्षतिग्रस्त गाड़ी स्टार्ट नही हो पाई जिससे वे उस गाड़ी को मौके पर ही छोड़ गये।
इस सिलसिले में टोल मैनेजर रघुवंश पांडेय ने उक्त लोगों के खिलाफ थाने में मुकदमा दर्ज करा दिया है जो आईपीसी की धारा 147, 148, 452, 232, 504, 506 और 427 के तहत पंजीबद्ध कर लिया गया है। पुलिस ने मौके से मिली दबंगों की गाड़ी यूपी 92 एल 7600 जब्त कर ली है। जबकि टोल के दो कथित रूप से घायल कर्मचारियों धर्मेंद्र यादव निवासी राठ और लालू यादव निवासी इटावा को मेडिकल परीक्षण के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। मेडिकल रिपोर्ट के बाद आरोपियों के खिलाफ और भी धारायें बढ़ाई जा सकती हैं।
टोल कर्मचारी भी कम नही हैं दबंग
लोगों का कहना है कि टोल के कर्मचारी भी कम दबंगी नही करते। खासतौर से रात में वे वाहनों से मनमानी वसूली का प्रयास करते हैं जिससे अक्सर उनका झगड़ा होता रहता है। लोकल के लोगों से भी झगड़े में अक्सर वे ही पहल करते हैं। लेकिन पुलिस की मेहरबानी की वजह से उनके हौसले बुलंद बने रहते हैं।






Leave a comment