
कोंच-उरई । बीती रात यहां लकड़मंडी मियांगंज स्थित कलई, चूना, नमक और पेंट की दो दुकानों में संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई जिससे दुकानें पूरी तरह जल कर राख में तब्दील हो गईं। आनन फानन फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई और गाड़ी मौके पर भी पहुंची लेकिन संसाधनहीन होने के कारण वह आग पर काबू पाने में विफल रही, तब उरई से दमकल की मंगाई गई और उसने आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दुकानें खाक हो चुकी थीं। पुलिस भी रात में ही मौके पर पहुंच गई थी। आगजनी में तकरीबन पांच-छह लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। दुकान मालिकों ने मौके की स्थिति को देखते हुये अंदेशा जताया है कि उनकी दुकान में अज्ञात अराजक तत्वों द्वारा पेट्रोल छिड़क कर आग लगाई गई है। सुबह विधायक मूलचंद्र निरंजन, एसडीएम सुरेश सोनी तथा कोतवाल संतोषकुमार सिंह ने भी मौके पर जाकर स्थिति का जायजा लिया। मामले की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंच कर कुछ नमूने एकत्रित किये हैं।

मिली जानकारी के मुताबिक वैश्य एकता परिषद् के नगर अध्यक्ष संदीप अग्रवाल तथा उनके चाचा बालमुकुंद अग्रवाल पुत्र ब्रजवासीलाल अग्रवाल की दुकानें लकड़मंडी मियांगंज में स्थित हैं। दोनों दुकानें आपस में बिल्कुल सटी हुई हैं, इनमें कलई, नमक, चूना तथा पेंट के अलावा तमाम आइटम भरे थे। रात साढे दस बजे तक सब कुछ ठीक ठाक था लेकिन लगभग ग्यारह बजे संदीप व उनके चाचा को सूचना मिली कि उनकी दुकानों में आग लगी है। वे लोग हांफते हुये वहां पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर स्तब्ध रह गये क्योंकि दोनों दुकानें पूरी तरह आग की चपेट में थीं। उन्होंने फायर ब्रिगेड को फोन किया जिस पर कोंच फायर की गाड़ी मौके पर आई लेकिन उसमें पानी इतना कम था कि वह आग बुझा पाने में विफल रही। इसके बाद उरई फायर को सूचना दी गई और उरई से आई दमकल गाड़ी ने किसी तरह आग पर काबू पाया लेकिन तब तक दुकानों में सब कुछ खाक में बदल गया था। दुकानदारों ने अंदेशा व्यक्त किया है कि उनकी दुकानों में पेट्रोल छिड़क कर आग लगाई गई है। उनकी तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। इस दौरान गनीमत यह रही कि यदि आग हवा का संसर्ग नहीं हो पाया जिससे आग आगे नहीं बढ सकी वरना लकड़मंडी पूरी स्वाहा हो जाती। गौर तलब यह भी है कि चार साल पहले संदीप के ही परिवार के राकेश मित्तल की दुकान जो वहीं बगल में ही है, में भी आग लग गई थी जिससे पूरी दुकान जल कर खाक हो गई थी। सुबह फील्ड यूनिट की विधि विज्ञान प्रयोगशाला की इकाई को भी बुलवाया गया था। यूनिट के सदस्यों स्वयंप्रभा, रविकुमार, हिमांशु, कमलेश आदि ने मौके से कुछ नमूने उकत्रित किये हैं जिनका परीक्षण लैब में करके यह देखा जायेगा कि दुकानदारों द्वारा व्यक्त किये गये अंदेशे में कितना बजन है। दमकल की बिगड़ी हालत को लेकर जनता के लोगों ने विधायक मूलचंद्र निरंजन से बात की और नई गाड़ी उपलब्ध कराने की मांग की जिस पर विधायक ने भरोसा दिया कि वह पूरा प्रयास कर यहां नई गाड़ी दिलवाने की कोशिश करेंगे।
इंसेट में-
क्या किसी ने चुनावी रंजिश में दिया घटना को अंजाम
कोंच। मियांगंज में दो दुकानों में लगी आग को लेकर तरह तरह की चर्चायें व्याप्त हैं लेकिन हकीकत क्या है यह पुलिस की छानबीन के बाद ही निकल कर सामने आ सकेगा। किसी अराजक तत्व द्वारा आगजनी किये जाने के अंदेशे के पीछे के कारणों में यदि झांका जाये तो संदीप एक सामाजिक व्यक्ति होने के साथ साथ हालिया निपटे निकाय चुनाव में भी सक्रिय रहे हैं और कांग्रेस प्रत्याशी के पक्ष में ऐड़ी चोटी का जोर लगा कर मेहनत करते रहे हैं। ऐसे में शक की सुई इसी बात की ओर इशारा करती दिख रही है कि कहीं चुनावी रंजिश भुनाने के लिये तो नहीं दनके किसी विरोधी ने इस घटना को अंजाम दिया है।
इंसेट में-
फोटो-कोंच6-बाजार में बंद दुकानें
आगजनी के विरोध में प्रतीकात्मक बाजार बंदी
कोंच। मियांगंज में हुई आगजनी की घटना को लेकर दुकानदारों में आक्रोश के साथ खौफ भी है। घटना के विरोध में दुकानदारों ने बाजार में अपनी दुकानें प्रतीकात्मक तौर पर बंद रखीं और उनका हजूम कोतवाली पहुंचा जहां उन्होंने घटना का पर्दाफाश करने की मांग की। प्रशासन और पुलिस ने उन्हें भरोसा दिया कि जल्दी ही मामले की तह तक पहुंचा जायेगा और यदि इस घटना में किसी अराजक तत्व का हाथ पाया जाता है तो उसे बख्शा नहीं जायेगा। प्रशासन के इस भरोसे के बाद दुकानदारों ने अपनी दुकानें खोल लीं और व्यापार कार्य शुरू किया।





Leave a comment