
उरई। लगभग एक हफ्ते से लापता युवक का शव उसके खेत के पास कुएं में शनिवार को बरामद हुआ। बताया गया है कि लड़का मंद बुद्धि का था। अनुमान है कि वह हादसे का शिकार होकर कुएं में गिर पड़ा होगा।
रेढ़र थाने के ग्राम रेढ़र निवासी अरविंद राठौर का 19 वर्षीय पुत्र विपिन राठौर घर में कलह हो जाने की वजह से 19 नवम्बर को नाराज होकर चला गया था। रात भर जब वह नही लौटा तो घरवालों को चिंता हुई और अगले दिन से उन्होंने सभी रिश्तेदारियों में उसकी तलाश शुरू कर दी। लेकिन कोई अता-पता नही लगने पर 23 नवम्बर को अरविंद ने उसकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाने में दर्ज करा दी। इसी बीच आज गांव के कुछ लोगों ने सूचना दी कि उनके खेत के पास एक कुएं में कोई शव पड़ा है जिससे बदबू आ रही है। इसके बाद अरविंद ने थाने में सूचना दी। शव को पुलिस ने जब बाहर निकलवाया तो अरविंद ने उसे पहचान लिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर अंत्येष्टि के लिए अरविंद को सौंप दिया। खुद अरविंद ने भी बताया कि उनके लड़के की मानसिक स्थिति ठीक नही थी।






Leave a comment