उरई। पुलिस लाइन में रविवार को  परिवार परामर्श केन्द्र के सदस्यों ने  दांपत्य विवाद के कई मामलों की सुनवाई की । इस दौरान केंद्र के सदस्यों की सूझ बूझ से दो दंपत्ति फिर साथ रहने को रजामंद हो गए जिसके बाद उन्हें खुशी –खुशी विदा किया गया । हालांकि 2 मामले ऐसे भी रहे जिनमें दिल की दरारें इतनी चौड़ी हो चुकी थी कि लाख समझाने पर वे एक होने को तैयार नहीं हुए जिससे सदस्यों का मन भारी हो गया और उनकी फायलें बंद कर कानूनी स्तर से अग्रिम कार्रवाई के लिए दोनों जोड़ों को स्वतंत्र कर दिया गया ।

वीर सिंह पुत्र सुंदर सिंह निवासी मोहल्ला चिमनदुबे थाना जालौन का अपनी पत्नी अर्चना पुत्री  मेबालाल निवासी अखनेवा थाना नदीगांव के बीच तकरार तिक्तता की सभी हदें पार कर गयीं थीं पर सदस्यों की बातों ने जब उन्हें द्रवित किया तो उनमें फिर एक दूसरे के लिए प्यार जाग पड़ा । सदस्यों ने  उन्हे सदबुद्धि के लिए बधाई दी और उनके आगामी जीवन के सुखमय रहने की शुभकामना व्यक्त की । इसी तरह माधवराव पुत्र प्रेमनारायण निवासी जुगराजपुरा थाना रेंढ़र और उसकी  पत्नी श्रीमती पूजा वर्मा निवासी जुही नेहरिया खुर्द कानपुर नगर जब केंद्र में पेशी पर आमने सामने हुए तो यह लग रहा था कि ये दोनों एक दूसरे के साथ  पता नहीं क्या कर बैठेंगे लेकिन बातचीत के लंबे दौर जब उनका गुस्सा पिघला तो एक दूसरे से  लंबे विछोह का गम उनकी आँखों से आँसू बन कर  झर-झर टपकने लगा । इसके बाद दुराव की सारी दीवारें गिर गई और फिर शांति से एक दूसरे के साथ रहने की कसमें खाते हुए दोनों हँसते खिलखिलाते रवाना हो गए ।  इस अवसर पर  बाबू सिंह सेंगर, पवन कुमार मिश्रा, अरविंद दीक्षित, बंदना सिंह, गरिमा पाठक, राजेशकुमार शर्मा, अंजू शर्मा, नसीम खान, डा. ममता स्वर्णकार, महिला कांस्टेबिल प्रियंका श्रीवास्तव मौजूद रही।

Leave a comment