उरई । नगरीय निकाय चुनाव 2017 में 22 नवंबर को जनपद की सभी दसों नगरीय निकायों में मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद प्रत्याशियों की हारजीत की चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था। अब जबकि 1 दिसंबर को नगरीय निकायों की मतगणना शुरू होना है तो एक फिर पुनः गुरुवार को दिन भर राजनैतिक हल्कों में प्रत्याशियों की हार-जीत को लेकर चर्चायें चलती रही और हर व्यक्ति अपने-अपने समीकरणों को बताकर अपने समर्थक प्रत्याशी की जीत पक्की बताने में पीछे नहीं रहा।

गौरतलब हो कि 22 नवंबर को जनपद में चार नगर पालिका परिषदों में उरई, जालौन, कोंच व कालपी के साथ ही छह नगर पंचायतों में कोटरा, नदीगांव, माधौगढ़, रामपुरा, ऊमरी व कदौरा में चेयरमैन पद डेढ़ सैकड़ा व सभासद पद के लगभग एह हजार प्रत्याशियों के भाग्य मतपेटियों में कैद हो गया था। मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न होने के बाद राजनैतिक हल्कों में प्रत्याशियों की जीत-हार को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया था जिसमें हर समर्थक अपने समर्थक प्रत्याशी की जीत को अपने समीकरण में सौ फीसदी होने का दावा कर रहा था। अब जबकि 1 दिसंबर को मतों की गिनती का कार्य शुरू होना है तो फिर से राजनैतिक हल्कों में प्रत्याशियों की जीत को लेकर चर्चाओं का बाजार गर्माना शुरू हो गया है। लेकिन इन चर्चाओं के बीच में नगरीय निकाय क्षेत्रों से महज तीन प्रत्याशियों के नामों को लेकर चर्चायें चल रही हैं बाकी प्रत्याशी की गिनती तो केवल उन्हें मिलने वाले मतों पर टिकी हुयी है कि कौन प्रत्याशी दो अंकों के मतों पर सिमटता है और कौन-कौन प्रत्याशी तीन से चार अंक तक हासिल करने में सफल होगा। 1 दिसंबर को प्रातः 8 बजे से होने वाली मतगणना पर हर किसी की नजरें टिकी हुयी है। अनुमान है कि जिस तरह से प्रशासन ने मतगणना की तैयारियां की है उसको देखते हुये ज्यादातर नगरीय निकायों का परिणाम शाम ढलने के पहले ही आ जायेंगे।

 

 

Leave a comment