कदौरा(उरई )। नगर पंचायत कदौरा में बहुजन समाज पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी कदौरा नबाव साहब जादा जमीर आलम चुनाव जीत गए है। उन्होंने अपने निकटतम प्रत्याशी भारतीय जनता पार्टी के महेश गुप्ता को 1995 मतों के अंतर से पराजित किया।

आज एमएसबी इंटर कालेज कालपी में मतों की गणना के संपन्न होने के बाद घोषित परिणाम के अनुसार बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशी जमीर आलम को 3847 वोट मिले। उन्होंने भाजपा के महेश गुप्ता को 1995 वोट से पटखनी दी। महेश गुप्ता को 1852 वोट ही मिल पाए। यहां सबसे खराब हालत समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी शाकिर अली की रही जिन्हे मात्र 416 मत हासिल हो पाए। जबकि निर्दलीय मुन्ना सेंगर को 1310, लक्ष्मीदेवी को 286, रमेश पाल को 51, मुकर्रम को 37, इस्लाम को 62, शैलेन्द्र को 183 और नोटा को आठ वोट मिले। जमीर आलम की जीत की घोषणा के साथ ही बहुजन समाज पार्टी के कार्यकर्ता खुशी से झूम उठे। साहब जादा जमीर आलम की जीत नगर के बुजुर्गो और माताओं बहनों तथा बसपा कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह का विषय बन गई है क्योंकि जमीर आलम कदौरा नबाव खानदान की नौवीं पीढ़ी से आते है। परिणाम की घोषणा के बाद विजयी रहे बसपा प्रत्याशी जमीर आलम उर्फ मनऊ ने नगर के सभी लोगों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि हमारी इस जीत का श्रेय नगर के बुजुर्गो, माताओं, बहनों, नौजवानों के एक-एक वोट का तथा बसपा कार्यकर्ताओं के कठिन परिश्रम को जाता है जिसके लिए वह सदा आभारी रहेगे और एक सेवक और नगर की जनता का सिपाही बनकर काम करेगे।

Leave a comment