कोंच-उरई । निकाय चुनाव के परिणामों में कांग्रेस ने तेरह साल बाद फिर से बापिसी की है, पिछले आठ दिनों से मतपेटियों में बंद प्रत्याशियों का भाग्य आज खुल कर सामने आ गया और जैसा कि पहले से ही तय था कांग्रेस और भाजपा के बीच ही लड़ाई हुई जिसमें कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सरिता वर्मा के पंजे ने भाजपा प्रत्याशी प्रेमनारायण वर्मा के कमल फूल को बुरी तरह नोंच कर फेंक दिया। कांग्रेस प्रत्याशी ने 7491 वोट पाकर भाजपा प्रत्याशी को 2483 मतों के अंतर से शिकस्त देकर पालिकाध्यक्ष का पद अपनी झोली में कर लिया। भाजपा प्रत्याशी को सिर्फ 5016 वोट पर ही संतोष करना पड़ा। मतदान पूरी तरह शांतिपूर्वक निपट गया, मतगणना स्थल छावनी में तब्दील रहा जिसके चलते अवांछनीय तत्व उसके आसपास भी नहीं फटक सके, अलबत्ता वेरीकेटिंग के बाहर परिणाम जानने बालों की भीड़ जुटी रही। एआईएमआईएम प्रत्याशी संतराम रजक ने चार हजार से भी अधिक वोट पाकर अन्य दलीय और निर्दलीय प्रत्याशियों के सारे समीकरण अप्रत्याशित रूप से बिगाड़ कर रख दिये।

आज एसआरपी इंटर कॉलेज में वोटों की गिनती का काम सुबह आठ बजे ही भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो गया था जिसमें सबसे पहला परिणाम तिलक नगर वार्ड सं. 15 के विशाल गिरवासिया बंटी की जीत का एक घंटे के भीतर ही आ गया। इसके बाद धीरे धीरे परिणामों के आने का सिलसिला चल निकला। लोगों की निगाहें अध्यक्ष पद पर टिकीं थी और पल पल की जानकारी जुटाने के लिये लोग उतावले रहे लेकिन मीडियाकर्मियों के मोबाइल अंदर ले जाने की इजाजत नहीं होने के कारण रुझान बाहर नहीं निकल पा रहे थे। मतगणना के शुरुआती दौर से ही कांग्रेस प्रत्याशी डॉ. सरिता वर्मा बढत बना कर चल रहीं थीं जिसे अंत तक कोई रोक नहीं सका। दिलचस्प यहां यह है कि एआईएमआईएम प्रत्याशी संतराम रजक की पतंग शुरू में आसमान से बातें करने लगी जिससे भाजपा प्रत्याशी का थूक सूख गया। तीसरे चक्र की गणना तक संतराम भाजपा प्रत्याशी से आगे रहा लेकिन अगले चक्रों में भाजपा ने उससे थोड़ी सी बढत बना कर अपनी गिरती साख को थोड़ा संबल दिया और वह दूसरे स्थान पर आ गई। सबसे ज्यादा हालत खराब रही सपा बसपा जैसे राष्टï्रीय और प्रांतीय दलों के प्रत्याशियों की। सपा चौथे तथा बसपा छठवें स्थान पर रही, जबकि पांचवां स्थान निर्दलीय चौ. जगजीवनराम अमीटा का रहा। विजयी प्रत्याशी कांग्रेस की डॉ. सरिता वर्मा को 7491, भाजपा के प्रेमनारायण वर्मा 5016, एआईएमआईएम के संतराम 4047, सपा के पारस वर्मा को 2251, बसपा के जितेन्द्रराय को 1158, आप के गौरीशंकर वर्मा को 47, निर्दलीय अनिल वर्मा को 1605, अवधविहारी बाल्मीकि को 622, अंजली रजक को 108, चौ. जगजीवनराम अमीटा को 2054, नंदकिशोर को 100, पूनमदेवी को 1761, लाखन को 150, वंदना वर्मा को 963, विद्यादेवी को 511, संतोषकुमार को 135, हरीमोहन को 246 तथा नोटा को 26 वोट मिले तथा 963 वोट अबैध पाये गये। जीती प्रत्याशी डॉ. सरिता वर्मा को एडीएम गुलाबसिंह तथा आरओ विनोदकुमार ने जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया। वार्ड सभासदी में कांग्रेस के चार तथा भाजपा के दो तथा सपा के सात प्रत्याशी चुनाव जीत कर आये हैं। इस दौरान एडीएम (न्यायिक) गुलाबसिंह, एसडीएम सुरेश सोनी, तहसीलदार भूपाल सिंह, सीओ रुक्मिणी वर्मा, कोतवाल संतोषकुमार सिंह, एसएसआई मनोजसिंह, एसआई रामकुमार सिंह चौहान आदि व्यवस्थायें संभाले रहे।

उधर, नदीगांव में पूरा चुनाव एकतरफा निर्दलीय प्रत्याशी भानुप्रकाश के पक्ष में गया। वहां चार प्रत्याशी मैदान में थे जबकि कांग्रेस प्रत्याशी नाम बापिसी के ही दिन मैदान छोड़ कर भाग गया था। लोगों का अनुमान था कि वहां अभिमन्यु सिंह डिंपल गुट का निर्दलीय प्रत्याशी भानुप्रकाश बंपर चुनाव जीतेगा और आज जब परिणाम सामने आये तो अनुमान सही साबित हुये। विजयी प्रत्याशी भानुप्रकाश को 3011 वोट मिले, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी भाजपा के दशरथ (1263) को 1748 मतों के अंतर से पराजित किया। बसपा के लोटनराम को मात्र 41 तथा सपा के रोशन वर्मा को महज 27 वोट ही मिल सके, नोटा को 16 तथा अबैध 186 वोट निकले। आरओ हरदेव प्रसाद तथा एडीएम गुलाबसिंह ने विजयी प्रत्याशी को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।

 

इंसेट में-

कोंच में जीते ये सभासद

निकाय चुनाव में कोंच के वार्ड सभासदों में वार्ड नं. 1 से पुष्पेन्द्रसिंह सलौनिया, वार्ड नं. 2 से अर्चना रजक, वार्ड नं. 3 से सुनीता वर्मा, वार्ड नं. 4 से विमलादेवी, वार्ड नं. 5 से विजय बाबा, वार्ड नं. 6 से धर्मेन्द्र यादव, वार्ड नं. 7 से मनोज मोर, वार्ड नं. 8 से अनिल पटैरया, वार्ड नं. 9 से अरविंद खटिक, वार्ड नं. 10 से रविकांत कुशवाहा, वार्ड नं. 11 से सितारा बेगम, वार्ड नं. 12 से नसीम निहारिया, वार्ड नं. 13 से शकील मकरानी, वार्ड नं. 14 से नंदिनी केुशवाहा, वार्ड नं. 15 से विशाल गिरवासिया, वार्ड नं. 16 से मुबारक अली, वार्ड नं. 17 से दंगलसिंह यादव, वार्ड नं. 18 से महावीर यादव, वार्ड नं. 19 से पूजा भदौरिया, वार्ड नं. 20 से मोहम्मद जाहिद, वार्ड नं. 21 से प्रियंका अग्रवाल, वार्ड नं. 22 से अमित यादव, वार्ड नं. 23 से शमसुद्दीन मंसूरी, वार्ड नं. 24 से वंदना यादव, वार्ड नं. 25 से रुबीना खातून विजयी रहे। सबसे बड़ी जीत वार्ड नं. 22 से अमित यादव की रही, उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी को 361 वोटों के भारी अंतर से शिकस्त दी है।

 

इंसेट में-

नदीगांव में जीते ये वार्ड सभासद

नदीगांव नगर पंचायत में मतों की गिनती के बाद आये परिणामों में वार्ड सभासदों में जो प्रत्याशी जीत कर आये हैं वे हैं वार्ड नं. 1 से अर्चना, वार्ड नं. 2 से नंदराम, वार्ड नं. 3 से परवीन, वार्ड नं. 4 से अनीस कुमार, वार्ड नं. 5 से शशिकांत, वार्ड नं. 6 से पवन झा, वार्ड नं. 7 से चंद्रपाल सिंह (पहले ही निर्विरोध चुने जा चुके थे), वार्ड नं. 8 से काशीराम, वार्ड नं. 9 से सीमा, वार्ड नं. 10 से नंदिनीदेवी।

 

 

 

 

Leave a comment