ब्राह्मण एवं पिछड़े वर्ग को नही मिल पाई एक भी सीट

उरई।जनपद में नगर पालिका परिषद की चार एवं नगर पंचायतों की छह सीटों के लिए आज हुई मतगणना मे पिछडे़ वर्ग एवं ब्राह्मण समाज को मायूसी हाथ लगी। इस बार एक भी सीट पर ब्राह्मण समाज का प्रत्याशी जीत का स्वाद नही चख सका।

जनपद में राजनैतिक दलवार देखा जाए तो  भारतीय जनता पार्टी ने चार सीटों पर वैश्य समाज के प्र्रत्याशी उतारे थे। नगर पालिका परिषद जालौन से गिरीश गुप्ता, नगर पंचायत कदौरा से महेश गुप्ता, कोटरा से आशाराम अग्रवाल, माधौगढ से राजकिशोर गुप्ता के नाम शामिल थे। जबकि नगर पालिका परिषद उरई से दिलीप दुबे को टिकट दिया गया था। दस में से केवल एक सीट पर ब्राह्मण को प्रत्याशी बनाया गया था । वैश्य समय से पार्टी के  गिरीश गुप्ता, आशाराम अग्रवाल, राजकिशोर गुप्ता चुनाव जीतने में सफल रहे है जबकि महेश गुप्ता को पराजय का सामना करना पड़ा। भाजपा ने क्षत्रिय समाज के एक मात्र शैलेन्द्र सिंह पत्रकार को रामपुरा से प्रत्याशी बनाया था वह चुनाव जीतने में कामयाब रहे। भाजपा ने पिछड़े वर्ग को एक भी टिकट नही दिया था। बहुजन समाज पार्टी ने माधौगढ से ब्राह्मण, जालौन नगर पालिका से वैश्य और उरई, कोटरा, कदौरा से मुस्लिम समाज के  प्रत्याशी उतारे थे। जिसमें नगर पंचायत कदौरा से जमीर आलम चुनाव जीतने में सफल हो पाए। बसपा के ब्राह्मण, वैश्य एवं पिछड़े वर्ग के प्रत्याशियों को पराजय का सामना करना पड़ा। समाजवादी पार्टी ने जिले की दस सीटों में से एक भी सीट पर ब्राह्मण समाज को टिकट नही दिया था। जबकि कदौरा से मुस्लिम, कोटरा और रामपुरा से क्षत्रिय तथा उरई, माधौगढ और जालौन सीट पर पिछड़े वर्ग से प्रत्याशी उतारे थे। जिसमें केवल नगर पंचायत ऊमरी सुरक्षित सीट से ही उसे सफलता मिल पाई है। इस तरह जिले की नगर पालिका एवं पंचायतों की दस सीटों मेे एक भी सीट ब्राह्मण या पिछडे़ वर्ग को नसीब नही हो पायी।

Leave a comment