उरई। ग्राम न्यामतपुर में भारतीय किसान संघ की महेबा ब्लाक इकाई की बैठक प्रांतीय मंत्री श्रीपाल सिंह और जिला उपाध्यक्ष सुभाष द्विवेदी की संयुक्त अध्यक्षता में शुक्रवार को संपन्न हुई। जिसमें क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं पर विचार किया गया।
बैठक में पारित प्रस्ताव पर आधारित ज्ञापन देने के लिए ब्लाक के पदाधिकारी जिला मुख्यालय पर आये और जिलाधिकारी से मिले। ज्ञापन में अन्ना जानवरों से सुरक्षा के लिए गौशाला निर्माण, पेयजल और हैण्डपंप के सुचारू संचालन के लिए प्रधानों को अतिरिक्त पाइप डलवाने हेतु निर्देशित करने, 2009 से निर्माणाधीन पाल सरैनी के यमुना पुल का कार्य शीघ्र पूर्ण कराकर चालू कराने, बिजली की ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ी दरों को वापस लेने और आये दिन होने वाले फाल्ट रोकने के लिए नये तार खिचवाने, कर्ज माफी में ब्याज वसूली को भी माफ कराने, राजकीय नलकूपों की संख्या बढ़ाने और दमरास से बाबई का अधूरा रोड शीघ्र पूर्ण कराने आदि मांगे की गई हैं।
ज्ञापन देते समय महेश यादव रिछारा, विद्याराम शाक्यवार, सुभाष द्विवेदी, जगदेव सिंह, ज्ञानेंद्र सिंह, करन सिंह और मानसिंह आदि उपस्थित थे।







Leave a comment