उरई। कस्बा जालौन में एसडीएम और सीओ आवास के सामने व कोतवाली के बगल से दिन-दहाड़े ओवर लोड ट्रकों के निकलने का सिलसिला जारी है। जबकि ओवर लोडिंग के चलते नगर कई हादसे झेल चुका है। इसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत का हादसा सबसे बड़ा था पर प्रशासन लगता है इसको भूल गया है और ओवर लोडिंग को लेकर मूकदर्शक का रवैया अपनाये हुए है।

मजे की बात यह है कि रात में ओवर लोड ट्रक निकलें तो समझ में आता है कि अधिकारियों की निगाह नही पड़ी होगी। लेकिन दिन-दहाड़े इन ट्रकों का गुजरना अधिकारियों के लिए टालमटोल की कोई गुंजाइश नही छोड़ता। ओवर लोड ट्रकों का सबसे ज्यादा संचालन हरदोई गूजर मार्ग से वाया एसडीएम आवास किया जा रहा है। तेज गति से आ रहे ओवर लोड ट्रक किसी को साइड भी नही देते। इस रोड पर जानबूझकर वाहन चैकिंग भी नही की जाती।

इस संबंध में एसडीएम भैरपाल सिंह व सीओ संजय कुमार शर्मा से चर्चा की गई तो उन्होंने रटी-रटाई बातें दोहरा दीं कि चैकिंग अभियान निरंतर चलाया जा रहा है फिर भी मौके का फायदा उठाकर इक्का-दुक्का ट्रक निकल जाता है तो इसमें प्रशासन क्या कर सकता है।

 

Leave a comment