कोंच- उरई। डीजीपी के आदेश पर प्रदेश भर में मनाये जा रहे नारी सुरक्षा एवं सशक्तिकरण सप्ताह के अंतर्गत आज कोंच में एक रैली निकाली गई जिसके माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया गया कि वे नारियों के प्रति अपने रुख में बदलाव लायें और पुरुष प्रधान समाज की मानसिकता से बाहर आकर नारियों को सम्मन दें। सीओ रुक्मिणी वर्मा ने भी कहा कि महिला तभी सशक्त होगी जब पुरुष जागरूक होकर उन्हें उनके हक देंगे।

एसआरपी इंटर कॉलेज में एकत्रित विभिन्न विद्यालयों की सैकड़ों छात्राओं और समाजसेवियों को संबोधित करते हुये सीओ ने कहा कि आज वैश्विक परिदृश्य में पुरुष और महिलायें कंधे से कंधा मिला कर देश और समाज की तरक्की की इबारत लिख रहीं हैं, ऐसे में भारतीय समाज में भी इसी मानसिकता और सोच की जरूरत महसूस की जा रही है। उन्होंने कहा कि अभी हमारा समाज उन्हीं दकियानूसी परंपराओं में जी रहा है जहां महिला को उत्पीडऩ की वस्तु समझा जाता रहा है। उन्होंने कहा कि पुरुषों को चाहिये कि वे नारियों को पूरा सम्मान दें, बेटियों को समुचित शिक्षा दिलायें और बेटे बेटी में फर्क करना छोड़ें। पूर्व बारसंघ अध्यक्ष विज्ञान विशारद सीरौठिया, नव निर्वाचित पालिका चेयरपर्सन डॉ. सरिता वर्मा ने भी रैली को संबोधित करते हुये कहा कि महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक होना होगा तभी नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण की अवधारणा को मूर्त रूप दिया जा सकता है। एसआरपी ग्राउंड से हरी झंडी दिखा कर सीओ ने न केवल रैली को रवाना किया बल्कि वहां से तहसील और कोतवाली परिसर तक रैली में साथ चलीं। एसआरपी इंटर कॉलेज, एसटीके बालिका विद्यालय, सरस्वती बालिका विद्या मंदिर आदि स्कूलों की सैकड़ों छात्रायें हाथों में तख्तियां लिये नारेबाजी करते हुये मुख्य राजमार्ग पर रैली निकाली गई। चंदकुआ स्थित महारानी लक्ष्मीबाई की प्रतिमा के नीचे सभी को नारी सुरक्षा का संकल्प दिलाया गया। पालिका चेयरपर्सन डॉ. सरिता वर्मा ने वहां रानी झांसी का माल्यार्पण कर उनके शौर्य को याद किया और उन्हें महिलाओं के लिये सबसे बेहतरीन आईडल बताया। इस दौरान रामकिशोर पुरोहित ललिया, अखिलेश व्यास, एसपी सिंह, सूर्यकांत रावत, डॉ. रमेशचंद्र पांडे, प्रदीप गुप्ता, अमित सोनी, धर्मेन्द्र राठौर, अनिल अग्रवाल, सुबोध कुमार, विनोद कुमार, श्रद्घा मिश्रा, प्रियंका, स्नेहा, नेहा अग्रवाल, रूबी अग्रवाल, अनुराधा, अंजली, ऋचा, माधुरी पहारिया, निशा शुक्ला, काजल, पलक, काया, मंतशा, तस्लीम, छोटे सोनी, रौबी अग्रवाल, जगदीश अग्रवाल सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

 

Leave a comment