
कोंच-उरई । बाल अधिकार एवं विकास समन्वय (सीसीआरडी) फोरम जनपद जालौन की बैठक में गॉधी डिग्री कालेज उरई के प्रवक्ता एवं वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. कुमारेन्द्रसिंह सेंगर ने बाल अधिकार एवं विकास के लिये सामुदायिक सहभागिता को अत्यंत जरूरी बताया तथा इससे जुड़े समस्त स्टेक होल्डरों ने समर्पित भाव से मिलकर काम करने की जरूरत बताई। डॉ. सेंगर ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेसिक विद्यालयों में गिरता शिक्षा का स्तर व शिक्षा की बदहाली का कारण पंचायतों एवं विद्यालय प्रबंध समितियों का शिक्षा अधिकार अधिनियम की सही जानकारी का होना व विभागीय सहयोग व जबावदेही नहीं होना है।
सीसीआरडी फोरम द्वारा किये गये कार्यों एवं उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुये सीसीआरडी फोरम के सदस्य एवं समर्पण जन कल्याण समिति के संयोजक राधेकृष्ण ने बताया कि स्कूल चलो अभियान में शिक्षा विभाग के साथ जनपद जालौन के समस्त 9 ब्लॉकों के 250 प्राथमिक/ जूनियर विद्यालयों में एसएमसी, पंचायत प्रतिनिधियों एवं अभिभावकों के साथ जागरूकता कार्यक्रम के कारण 84 ड्राप आउट एवं 23 आउट ऑफ स्कूल के बालक बालिकाओं को नांमाकित कराया गया। इससे कदौरा ब्लाक में पीके लोक विकास समिति, डकोर में अनुरागिनी एवं आशा ग्रामोत्थान, महेबा ब्लॉक में बुंदेलखंड दलित अधिकार मंच जालौन, रामपुरा में डॉ. अंबेडकर शिक्षा प्रसार समिति, माधौगढ़ में गोविंद ग्राम विकास समिति, कोंच एवं नदीगांव में समर्पण जन कल्याण समिति एवं सदभावना समिति के द्वारा आउट ऑफ स्कूल एवं ड्राप आउट बच्चों का एसएमसी पंचायत एवं अभिभावकों के साथ मिलकर सहयोगी भूमिका में कार्य करने का निर्णय लिया गया। प्रत्येक संस्था पांच पांच प्राथमिक विद्यालयों को गोद लेकर व समन्वय बनाकर समावेशी गुणवत्तायुक्त मॉडल के रूप में बनाने में सहयोग करेगें तथा बाल अधिकार एवं विकास से जुड़े मुददों को तहसील दिवस के माध्यम से विद्यालय प्रबंध समितियों व पंचायतों को सक्रिय भूमिका निवर्हन में जागरूकता व दक्षता विकास हेतु प्रिंट, इलेक्ट्रानिक, सोशल मीडिया को इस मुहिम में जोड़ा जायेगा। गोद लिये विद्यालयों में बाल मंचों के गठन व उन्हें सक्रिय कर बच्चों में नेतृत्व विकास हेतु विभाग व प्रशासन से सहयोग लिया जायेगा ताकि विद्यालयों में बेहतर शिक्षा के लिये तहसील दिवस के माध्यम से ग्राइवेंस रिड्रेसल कराया जा सके। इस दौरान राजेन्द्र भदौरिया, डॉ. प्रवीण जादौन, अरविंद पहारिया, केपी सिंह, सुनीतासिंह, रिहाना मंसूरी, समीक्षा, बर्षा, नुजहत अंसारी, अरशद अंसारी, बलवीरसिंह, सैफउद्दीन ने अपने विचार रखे।






Leave a comment