
कोंच-उरई । तहसील स्तरीय विधिक साक्षरता शिविर एवं मानवाधिकार दिवस का आयोजन ब्लॉक कोंच के ग्राम सिमिरिया स्थित सिमिरिया इंटर कॉलेज में किया गया जिसकी अध्यक्षता करते हुये तहसीलदार भूपाल सिंह ने ग्रामीणों से कहा कि कानूनों के बारे में जान कर वे अपना बचाव कर सकते हैं। मानवाधिकारों के बारे में भी उन्होंने ग्रामीणों को विस्तार से जानकारी देते हुये कहा कि अपने अधिकारों को पहचानो और समय समय पर उनका उपयोग जरूर करना चाहिये।

संयोजित गोष्ठी में तहसीलदार ने कहा कि कोई भी व्यक्ति यह कह कर स्वयं को नहीं बचा सकता कि उसे कानून के बारे में ज्ञात नहीं है। ग्रामीणों को कानूनों की मोटे तौर पर जानकारी कराने के उद्देश्य से ही इन शिविरों का आयोजन किया जाता है। उन्होंने दाखिल खारिज, विरासत आदि के बारे में भी जानकारी दी। मानवाधिकारों को लेकर भी उन्होंने बताया कि आज मानवाधिकारों की सुरक्षा और संरक्षा के लिये अंतर्राष्टï्रीय स्तर पर भी कई संस्थायें काम कर रहीं हैं ताकि कोई उनका उत्पीडऩ नहीं कर सके। इस दौरान बीस कंबलों का भी वितरत गांव के गरीब और जरूरतमंदों के बीच कराया गया। ग्राम प्रधान गुलाब सिंह, श्रीधर लोक कल्याण सेवा समिति के संयोजक अभियंता उड़ीसा विनय पचौरी, पत्रकार ओमप्रकाश उदैनिया, पीएलवी सीतादेवी, शैलेष पिंडारी, देवेन्द्र आजाद, अलका भारतीय, सीता तिवारी, स्नेशराजा, राजकुमारी दीक्षित आदि के अलावा तमाम ग्रामीण पुरुष व महिलायें मौजूद रहे। संचालन जगपाल यादव ने किया।






Leave a comment