उरई। हत्यारोपी के समर्थकों ने मृतक के भाई के घर घुसकर उसकी दुस्साहसिक मारपीट कर डाली। जिसकी शिकायत के बाद पुलिस में हडकंप मच गया।
जालौन कोतवाली क्षेत्र के भदवां निवासी अकबर का भाई सुलेमान नोयडा में काम करता था। जहां उसकी बिहार के रहने वाले रियाज ने कथित तौर पर हत्या कर दी थी। वारदात का मुकदमा अदालत में विचाराधीन है। हत्यारोपी के संबंध भदवां के निवासी सुल्तान से हैं। इसलिए हत्यारोपी के उकसावे पर सुल्तान ने शनिवार की रात तीन-चार साथियों के साथ अकबर के घर में घुसकर उसकी मारपीट कर दी और धमकी दी कि अगर वह अपनी गवाही से न मुकरा तो उसके भाई की तरह उसकी भी हत्या कर देगें।
दहशतजदा अकबर ने रविवार को पुलिस के उच्चाधिकारियों को इसकी सूचना दी। जिसके बाद पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने जालौन के प्रभारी निरीक्षक विनोद मिश्रा को कड़ी हिदायत दी और अकबर की पूरी सुरक्षा के लिए निर्देशित किया। नतीजतन आज दिन भर भदवां में जालौन पुलिस की सरगर्मी तेज रहीं।

Leave a comment