कालपी(जालौन)। अनियंत्रित आईटैन कार द्वारा बाइक सवार किराना व्यापारी को जोरदार टक्कर मार देने से व्यापारी की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। दर्दनाक घटना की जानकारी होने पर शहर के हजारों की संख्या में लोग घटना स्थल पुराने यमुना पुल पर पहुंच गए।
बुधवार को सुबह करीब साढे नौ बजे कालपी दमदमा निवासी हाजी माशूक अहमद 60 वर्ष जो दौलतपुर ग्राम कानपुर देहात के मूल निवासी थे। वह अपने पैतृक गांव दौलतपुर से अपनी कृषि व प्राइवेट नलकूप की देखभाल करके कालपी वापस पुराने यमुना पुल से आ रहे थे। तभी सामने कालपी से भोगनीपुर की ओर से आ रही तेज गति से आईटैन कार नंबर यूपी 92 जे 5493 ने हाजी की बाइक में जोरदार टक्कर मार दी और दुर्घटनाकारी कार मौके से भाग निकली। कार के नंबर से पता चला कि गाड़ी उरई शहर निवासी अमित त्रिपाठी की है। जोरदार टक्कर लगने से हाजी माशूक अहमद की मौके पर ही मौत हो गई। हाजी माशूक की किराना दुकान टरननगंज चौराहे पर है और वह दुकानदारी के लिये नगर में चर्चित थे। घटना की जानकारी होने पर शहर का व्यापारी वर्ग तथा हजारों की संख्या में शहरवासी घटना स्थल पर पहुंच गए तथा दर्दनाक घटना के प्रति शहर वासियों ने अपनी शोक संवेदना प्रकट की। कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विच्छेदन गृह भेज दिया है।
शहर में चर्चा है कि यमुना पुल से लेकर खानकाह एनएचएआई के अधिकारियों की लापरवाही से ओवर ब्रिज अधर में लटक जाने से शहर में आये दिन दर्दनाक घटनाएं घट रही है और दुर्घटनाओं का सिलसिला बदस्तूर जारी रहने से नगरवासी चिंतित है। पता नही कि कब कौन सा वाहन किस व्यक्ति को राैंदकर काल के गाल तक पहुंचा दे।







Leave a comment