उरई। सिरसाकलार थाना क्षेत्र में तरसौल बंबा के पास बहन का तिलक चढ़ाने जा रहे दो लोगों को दिन दहाड़े लूट लिया गया। बाद में पीड़ित के फोन पर डायल-100 की जीप मौके पर पहुंची। इस दौरान पुलिस कर्मियों ने भाग रहे बदमाशों के बीच क्षेत्र के दो शातिर गैंगस्टरों को पहचान लिया है। राहजनों की गिरफ्तारी के लिए थाना क्षेत्र की सभी सीमाओं की नाकेबंदी कर दी गई है।

प्राप्त समाचार के अनुसार कानपुर देहात के थाना सिकंदरा अंतर्गत हाजिरपुर गांव का निवासी राहुल पुत्र रामबाबू, बब्लू और राजा सिंह के साथ बाइक से अपनी बहन का फलदान चढ़ाने शेखपुर बुजर्ग में रणवीर सिंह सेंगर के घर जा रहा था। इसी बीच तरसौल बंबा पर खड़े बदमाशों ने बाइक रोक ली और फलदान के लिए राहुल के पास रखे 22 हजार रुपये व तीनों के मोबाइल लूट लिए। यह घटना सुबह लगभग 9 बजे हुई।

बदमाशों के जाते ही राहुल ने राहगीरों की मदद से 100 नंबर पर काल करके वारदात की जानकारी दी। कुछ ही देर में डायल-100 की गाड़ी मौके पर पहुंच गई। पुलिस की जीप देखकर बदमाश पगडंडी के रास्ते से दौड़ लगाने लगे। पुलिस जवानों ने उनका पीछा करने की कोशिश की। हालांकि फासला ज्यादा होने से वे लोग पकड़ में नही आ सके। लेकिन भागते हुए क्षेत्र के दो शातिर गैंगस्टरों भूपेंद्र सिंह और रंग बहादुर को पुलिस कर्मियों ने पहचान लिया है। थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन के अनुसार दोनों गैंगस्टर पहले से वांछित हैं। उन्होंने कहा कि राहजनों को दबोचने के लिए सारी सीमाओं पर नाकेबंदी कर दी गई है और उनके संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

 

Leave a comment