उरई। सिरसाकलार थाना क्षेत्र के ईगुईं में गुरुवार को भोर शार्टसर्किट के कारण एक घर में आग लग गई जिससे पूरा सामान खाक हो गया। यह आग बुझते-बुझते पड़ोस के घर में भी पहुंच गई जिससे दूसरे घर में भी काफी नुकसान हुआ है। फायर बिग्रेड की गाड़ी अग्निकांड के दो घंटे बाद पहुंची तब तक पूरा सत्यानाश हो चुका था।
जिस घर में आग लगी उसकी स्वामिनी सुनीता के पति अतर सिंह पाल की गत वर्ष एक हादसे में मौत हो चुकी है। सुनीता खुद कमाकर किसी तरह अपने दो बच्चों राघवेंद्र 17 वर्ष और कल्लू 15 वर्ष का गुजारा चला रही है। आग से अनाज उसका जेवर और अन्य सारा सामान खाक हो गया। जिससे उसके यहां भुखमरी की नौबत आ गई है। उसके पड़ोसी कुंवर लाल के घर भी गेंहू और लाही समेत काफी सामान आग की भेंट चढ़ गया है। अग्निकांड की सूचना मिलने के बाद थानाध्यक्ष जाकिर हुसैन ने मौका मुआयना किया। उन्होंने बताया कि नुकसान के आंकलन के लिए लेखपाल को सूचना भिजवा दी गई है।







Leave a comment