
कोंच-उरई । बीती देर रात बिजली विभाग के बड़े अधिकारियों और झांसी से आई विजिलेंस टीम ने संयुक्त रूप से कस्बे के आजाद नगर इलाके में जब छापा मारा तो अधिकारी यह देख कर दंग रह गये कि पूरा मोहल्ला ही बाईपास लाइनें डाल कर बिजली चोरी में संलिप्त है। अधिकारियों ने यह छापा आधी रात के आसपास मारा जब लोग घरों में रजाई में दुबके पड़े थे। अधिकारियों ने इन कटिया लाइनों की वीडियोग्राफी करा ली है, समझा जा रहा है कि जल्दी ही तकरीबन सैकड़ा भर लोगों के खिलाफ एफआईआर लिखाई जा सकती है। इधर, उपखंड कार्यालय ने ग्रामीण व कस्बे के सैकड़ों बिजली ऐसे विद्युत उपभोक्ताओं जो लंबे समय से बिल जमा नहीं कर रहे हैं, की रिकवरी तहसील भेज दी है। इन उपभोक्ताओं के ऊपर लगभग दो करोड़ की बकायेदारी है। नदीगांव थाने के ग्राम चकधारी में पकड़े गये बिजली चोरी के एक मामले में एफआईआर दर्ज कराई गई है।
बीती रात बिजली विभाग की अचानक छापेमारी से मुस्लिम बहुल इलाके आजाद नगर में हड़कंप मच गया और रजाईयों में दुबके लोग घरों से बाहर निकल आये। विद्युत विभाग के एसई किशनसिंह, अधिशासी अभियंता सुभाषचंद्र सचान, एसडीओ कोंच कौशलेन्द्र सिंह, जेई संजयकुमार, जेई कृष्णमोहन, विजिलेंस इंसपेक्टर जयकरन सिंह, जेई विजिलेंस अमित शर्मा आदि की मौजूदगी में की गई इस कार्यवाही के दौरान कमोवेश पूरा मोहल्ला ही बाईपास लाइनें डाल कर बिजली की चोरी करता पकड़ा गया। तकरीबन सैकड़ा भर लोगों के इन अबैध कनेक्शनों के वीडियो अधिकारियों ने बनाये हैं। हालांकि अभी इनके विरुद्घ कार्यवाही नहीं हो सकी है लेकिन विभागीय अधिकारी ने बताया है कि लगभग एक सैकड़ा लोगों के खिलाफ एफआईआर की तैयारी है। बिजली विभाग द्वारा रात के अंधेरे में की गई कार्यवाही से कटिया डाल कर बिजली जलाने बालों में भय व्याप्त है और वे विभाग द्वारा उठाये जाने बाले अगले कदमों पर नजरें गड़ाये हैं। इधर, एसडीओ कौशलेन्द्र सिंह ने यह भी बताया है कि 1 करोड़ 70 लाख के बकायेदार ग्रामीण उपभोक्ताओं और 30 लाख के बकायेदार कस्बाई उपभोक्ताओं के खिलाफ आरसी जारी कर दी गई है और तहसील के मार्फत बसूली कराई जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि विद्युत चोरी का एक बड़ा मामला नदीगांव इलाके के ग्राम चकधारी में भी विजिलेंस टीम ने पकड़ा है जिसमें राजेन्द्रसिंह पुत्र मोहरसिंह को एलटी लाइन से कटिया डाल कर चक्की चलाते पकड़ा गया है। राजेन्द्र के खिलाफ नदीगांव थाने में अवर अभियंता संजय ने एफआईआर दर्ज कराई है।







Leave a comment