जालौन-उरई । प्रदेश सरकार द्वारा बिजली के दामों में की गई बेतहाशा वृद्धि के चलते भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौंपते हुए बढ़ाई गई बिजली दरों को वापस लिए जाने की मांग की।

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के कामरेड जहीर खां, भगवान सिंह सेंगर, संतोष कुमार चैरसिया, रहमान गायर, सीताराम याज्ञिक आदि सहित करीब एक दर्जन से अधिक कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित एक ज्ञापन उपजिलाधिकारी भैरपाल सिंह को सौंपते हुए बताया कि प्रदेश सरकार बढ़ाई गई बिजली की दरों से सभी तबके के लोगों पर बुरा असर पड़ रहा है। प्रदेश की जनता पहले ही मंहगाई एवं बेरोजगारी के संकट से लड़ रही है। ऐसे में बिजली की दरों के बढ़ने से उनका जीवन और भी अधिक संकटमय हो गया है। किसान पहले ही दैवीय आपदा के चलते भुखमरी की कगार पर पहुंच चुका है। ऐसे में बढ़ी हुई बिजली की दरों से उनका जीना मुश्किल हो जाएगा। प्रदेश की सरकार बेरोजगार दूर करने एवं मंहगाई कम करने का वायदा करके सत्ता में आई थी। परंतु अब सरकार अपने वायदे से पीछे हटते हुए दिख रही है। पार्टी कार्यर्ताओं ने कहा कि यदि सरकार ने जनता की परेशानियों को देखते हुए बढ़ाई गई बिजली की दरों को कम न किया तो भाकपा के नेतृत्व में प्रदेश की जनता सड़क पर उतरकर आंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

 

Leave a comment