उरई। रविवार की शाम सिरसाकलार थाना क्षेत्र में बदमाशों ने तरसौर बंबा के पास फिर राहजनी कर गैस एजेंसी के कैशियर से 36 हजार रुपये छीन लिए । इस घटना में उन्ही बदमाशों का नाम लिया जा रहा है जिन्होंने 2 दिन पहले बहिन का फलदान ले कर 2 साथियों के साथ कानपुर देहात से शेखपुर बुजुर्ग जा रहे भाई को लूट लिया था जबकि पुलिस ने उक्त वारदात को झगड़ा बता कर लीलापोती की कोशिश की थी ।
आज शाम लगभग 7 बजे जखा में संचालित कुकिंग गैस एजेंसी का स्टाफ हदरुख से वापस लौट रहा था । इसी दौरान तरसौर बंबा के पास बाइक सवार चार बदमाशों ने सामने आ कर उनका लोडर रोक लिया । बदमाशों ने इसके बाद ड्राइवर सुरेश को नीचे घसीटने की कोशिश की लेकिन पिटाई के वाबजूद उसने अपनी सीट नहीं छोड़ी तो उन्होने लोडर की शीशे फोड़ डाले और कैशियर जयंत कुमार का बैग छीन लिया जिसमें 36 हजार रुपये रखे थे और फरार हो गए ।
बाद में 100 नंबर डायल कर कैशियर ने पुलिस को सूचना दी लेकिन पुलिस जीप के पहुँचने तक बदमाश लापता हो चुके थे । कैशियर ने बदमाशों में से एक तरसौर के ही निवासी प्रांशु सेंगर को पहचान लिया है । प्रांशु का नाम 2 दिन पहले हुई राहजनी में भी दर्ज है ।
उधर बदमाशों के दुस्साहस से पुलिस प्रशासन में तहलका मच गया है । जालौन सर्किल के उपाधीक्षक संजय शर्मा सिरसाकलार के प्रभारी थानाध्यक्ष अरुण तिवारी और कुठौंद के थानाध्यक्ष प्रमोद कुमार के साथ ,मौका मुआयना करने के बाद बदमाशों को दबोचने के लिए सघन कोम्बिंग कर रहे हैं ।





Leave a comment