
कोंच-उरई । केन्द्र की मोदी सरकार द्वारा संचालित प्रधानमंत्री सहज बिजली हर घर योजना ‘सौभाग्यÓ के तहत गरीबों को मुफ्त बिजली कनेक्शन देने के लिये रविवार को उपखंड कार्यालय कोंच के अलावा 33/11 केवीए विद्युत उपकेन्द्रों नदीगांव तथा कैलिया में भी कैम्प लगाये गये और जरूरतमंदों को तत्काल बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराये गये। इस मौके पर मौजूद भाजपा के नेताओं ने सरकार के काम काज की प्रशंसा करते हुये गरीबों की हितैषी बताया।
चंदकुआ स्थित बिजलीघर पर आज भाजपा नेताओं सांसद प्रतिनिधि अनुरुद्घ मिश्रा, पार्टी नगर अध्यक्ष प्रदीप गुप्ता, विहिप अध्यक्ष सुशील दूरवार, सुनील शर्मा, नरेश वर्मा आदि की खास मौजूदगी में शिविर लगाया गया जिसमें कमोवेश आधा सैकड़ा गरीबों को मुफ्त विद्युत संयोजन उपलब्ध कराये गये। इस अवसर पर इन नेताओं ने केन्द्र और प्रदेश की भाजपा सरकारों की तारीफ करते हुये कहा कि दोनों ही सरकारें गरीबों को केन्द्र में रख कर योजनायें बना रहीं हैं और इनका भरपूर लाभ जनता को दिया जा रहा है। मुफ्त गैस कनेक्शन के बाद अब मुफ्त बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराये जा रहे हैं जिसका मकसद है कि हर गरीब का घर रोशन हो। इस दौरान एसडीओ कौशलेन्द्र सिंह ने बताया कि बीपीएल परिवार बालों को बिल्कुल नि:शुल्क कनेक्शन दिया जा रहा है जिसमें मीटर, मीटर बोर्ड, एक एलईडी बल्व तथा पोल से मीटर तक वायरिंग भी विभाग की ओर से बिल्कुल फ्री उपलब्ध कराये जा रहे हैं। एपीएल परिवारों के लिये पांच सौ रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। संयोजन लेते समय आधार कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस तथा वोटर आईडी में से कोई एक, राशन कार्ड तथा दो फोटो उपभोक्ता को कार्यालय में देने होंगे। इस अवसर पर जेई मोहनकृष्ण, टीजी-टू प्रभुदयाल, महेन्द्र पटेल, जीतू पटेल, हनपाल सिंह, अनूप गुर्जर आदि मौजूद रहे। उधर, नदीगांव में जेई संजय तथा कैलिया में जेई अमित साहू की अगुवाई में विद्युत कैम्पों का आयोजन कर संयोजन बांटे गये। वहां भी लगभग आधा सैकड़ा लोगों को कनेक्शन के प्रमाण पत्र उपलब्ध कराये गये।





Leave a comment