
बैंक शाखा प्रबंधक की शिकायत पर संज्ञान लेकर एसडीएम ने पुलिस को दिये कब्जा हटाने के निर्देश
कोंच-उरई । जालौन डिस्ट्रिक्ट कोऑपरेटिव बैंक की जमीन पर बर्षों से अबैध कब्जा जमाये दुकानदारों को आज पुलिस ने खदेड़ दिया और मौके पर खड़े होकर पूरा कब्जा हटवा दिया। बैंक शाखा प्रबंधक द्वारा एंटी भू-माफिया पोर्टल पर इसकी शिकायत की भी जिस पर एसडीएम ने गंभीरता से संज्ञान लेकर पुलिस को कब्जा हटाने के निर्देश थे जिसके अनुपालन में आज पुलिस ने उक्त कब्जा हटवा दिया है।

मुख्य राजमार्ग पर स्थित सहकारी क्रय विक्रय समिति परिसर से लगते जेडीसी बैंक की जमीन के टुकड़े पर विगत लगभग तीस पैंतीस बर्षों से चार-पांच दुकानदारों नफीस, बलवीर वर्मा होटलबाले, सद्दाम, रफीक आदि ने अबैध कब्जा कर रखा था। इस कब्जे को हटवाने के लिये कई बार बैंक के अधिकारियों ने प्रयास किया लेकिन वे अपने प्रयास में सफल नहीं हो सके। यूपी में योगी सरकार के काबिज होने के साथ ही सरकार ने फरमान जारी कर दिया था कि सरकारी जमीनों के अलावा दूसरों की जमीनों पर जो लोग अबैध रूप से कब्जे जमाये हैं उन्हें हटाया जायेगा। इस फरमान से उत्साहित होकर बैंक के शाखा प्रबंधक श्यामकिशोर निरंजन ने गुजरी 23 नबंवर 2017 को एंटी भू-माफिया पोर्टल पर यह शिकायत डाल दी थी। इस पर गंभीरता से संज्ञान लेकर एसडीएम सुरेश सोनी ने कल कोतवाली पुलिस को उक्त कब्जा हटावाने के कड़े निर्देश दिये थे। रविवार को कोतवाल संतोषकुमार सिंह, एसआई रामकुमार सिंह चौहान, एसआई राजीवकुमार त्रिपाठी, एसआई सुरेन्द्रकुमार सिंह, लेखपाल सदर ब्रजेश भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और दुकानदारों को तत्काल कब्जा हटाने के लिये जब कहा तो पहले तो दुकानदार मोहलत दिये जाने की बात कहते रहे लेकिन पुलिस ने उनकी एक न सुनी और खड़े खड़े वहां से कब्जा हटवा दिया।





Leave a comment