उरई । राष्ट्रीय अनुसूचित जाति, जनजाति  आयोग के अध्यक्ष और सांसद राम शंकर कठेरिया अचानक कुठौंद थानान्तर्गत यमुना की बीहड़ पट्टी के दुर्गम गाँव बरी का पुरवा में जा पहुँचे । उन्होंने अपने कार्यक्रम की जानकारी पर ऐन मौके पर जिला प्रशासन को दी जिससे अधिकारियों में हड़कंप मच गया । जिला मुख्यालय से वरिष्ठ अधिकारी आनन – फानन बरी के पुरवा की ओर दौड़े । इस गाँव में गत 25 सितंबर को एक युवक रात में  11 वर्ष की बालिका को उसके घर से उठा ले गया था जिसके बाद उसने उसके साथ दुष्कर्म कर डाला था  ।  कठेरिया इस मामले में हुई अभी तक की  कारवाई की पड़ताल के लिया आए थे ।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सुरेन्द्र नाथ तिवारी ने उन्हें  बताया कि आरोपी गुलाब सिंह सेंगर को गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है । इस पर अध्यक्ष ने  संतोष जताया लेकिन जब उन्हे पता चला कि बालिका के परिजनों को ऐसे मामले में अनुमन्य पौने 4 लाख रुपये की सहायता समाज कल्याण विभाग अभी तक उपलब्ध नहीं करा सका है तो उन्होंने समाज कल्याण अधिकारी को फटकारा और उनसे अविलंब सहायता पीड़ित परिवार को देना सुनिश्चित करने को कहा । उन्होने कहा कि इस परिवार को अन्य जो भी मदद मिलनी है , मुहैया करा कर एक सप्ताह में उन्हें रिपोर्ट भेंजे। इसके बाद उन्होने गाँव के विकास का भी जायजा लिया ।  इस मामले में प्रशासन के ढीले रवैये पर उन्होने मौके पर मौजूद अपर जिलाधिकारी आर के सिंह और उप जिलाधिकारी माधौगढ़ सौजन्य कुमार से नाराजगी जताई । साथ यह भी कहा कि गाँव में कैंप लगा कर कमजोर वर्ग के लिए संचालित योजनाओं का लाभ सभी पात्रों को उपलब्ध कराएं । उनके साथ जालौन-गरौठा-भोगनीपुर के सांसद भानुप्रताप सिंह वर्मा और भरथना इटावा की विधायक सावित्री कठेरिया भी थी ।

Leave a comment