उरई। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के उददेश्यों को पूरा करने के लिए छूटे हुए गरीब परिवारों को राशन कार्ड उपलब्ध कराने का अभियान नये सिरे से छेड़ा गया है। 31 जनवरी तक चलने वाले इस अभियान को लेकर जिलाधिकारी ने सभी तहसीलों के उप जिलाधिकारियों, ब्लाकों के खंड विकास अधिकारियों और स्थानीय निकायों के अधिशाषी अधिकारियों को परिपत्र भेजा है।
जिला पूर्ति अधिकारी उमेश चंद्र ने यह जानकारी देते हुए बताया कि इस अभियान के तहत छूटे हुए परिवारों को आवेदन देने का एक और अवसर दिया जायेगा। यह आवेदन दुकानदार रजिस्टर के रूप में सुरक्षित कर लिए जायेगें। इसके बाद पूर्व से नामित कर्मियों द्वारा इनका सत्यापन किया जायेगा और उपयुक्त आवेदकों के नाम पात्र गृहस्थी श्रेणी में जोड़कर उन्हें राशनकार्ड उपलब्ध करा दिये जायेगें तांकि उनको रियायती दरों पर गुणवत्ता युक्त खाद्यान्न उपलब्ध हो सके।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि अभियान में अनाथ आश्रम, वृद्धा आश्रम, विधवा आश्रम व मलिन बस्तियों को भी कवर किया जाना है। अभियान के संबंध में प्रमुख सार्वजनिक स्थलों एवं उचित दर दुकानों पर व्यापक प्रचार-प्रसार की व्यवस्था की जा रही है। तांकि जानकारी के अभाव में कोई गरीब इसका लाभ उठाने से पीछे न रह पाये। उन्होंने अति निर्धनतम तबके के लोगों के अलावा अन्य जागरूक तबको से भी आग्रह किया कि वे उन तक यह जानकारी पहुंचाने और उनके आवेदन भरवानें में मदद करें।







Leave a comment