जालौन-उरई। गुजरात और हिमांचल प्रदेश में पार्टी की जीत पर भाजपाइयों ने धूमधड़ाके के साथ जश्न मनाया।
भाजपा की नगर इकाई के पदाधिकारियों ने टेलीविजन चैनलों पर दोनों राज्यों में पार्टी को स्पष्ट बहुमत की स्थिति स्पष्ट होते ही नारेबाजी और नाच गाना शुरू कर दिया। जोश में जमकर गोले दागे गये और नगर पालिका गेट के बाहर मिष्ठान वितरण किया गया।
नगर अध्यक्ष अनिल याज्ञिक ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लिए विपक्षी नेताओं द्वारा अशोभनीय वक्तव्यों का परिणाम जनता ने उन्हें दे दिया है। इससे उनको सबक लेना चाहिए। राजीव मोहन मिश्रा और संजू खत्री ने कहा कि मोदी मैजिक को ग्रहण लगने की अटकलें मतदाताओं ने गलत साबित कर दीं। उन्होंने कहा कि इससे यह तय हो गया है कि 2019 के लोक सभा चुनाव में भाजपा केंद्र में एक बार फिर भारी बहुमत से सत्ता में वापसी करेगी।
पप्पू चैहान, ललित शुक्ला, उपेंद्र गुर्जर और सोनू सिंह ने कहा कि दोनों राज्यों के चुनाव परिणाम से जनता ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक, नोटबंदी के माध्यम से कालेधन पर हमला और व्यापारिक पारदर्शिता के लिए जीएसटी लागू करने के केंद्र सरकार के फैसले पर अपनी मुहर लगा दी है। अभय राजावत, रामू गुप्ता, अनिल शिवहरे, विजय वर्मा, मयंक चौरसिया और दीपक सोनी, अंकुर सक्सेना, अन्नू शर्मा आदि ने इसे कांग्रेस के नव निर्वाचित अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए कार्य आरंभ के पहले ही उनके समापन की घोषणा बताया।







Leave a comment