उरई। चार महीने पहले चोरी किये गये लोडर को बरामद करने में सुराग मिल जाने के बावजूद कोतवाली पुलिस कोई दिलचस्पी नही ले रही है। लोडर मालिक ने पुलिस अधीक्षक के सामने गुहार लगाई। जिसके बाद उन्होंने कोतवाली पुलिस के पेंच कसे। बावजूद इसके पीड़ित को उसका लोडर वापस मिलेगा या नही यह कहना अभी मुश्किल है।

उरई के मोहल्ला गोपाल गंज की निवासी प्रतिभा अवस्थी पत्नी पंकज अवस्थी ने बताया कि उनकी लोडर बुलेरो पिकप नं. यूपी 92 टी 6597 22 अगस्त को चोरी चली गई थी। कोतवाली पुलिस में इसका मुकदमा लिखाने के बाद प्रतिभा अवस्थी ने अपने स्तर से भी छानबीन की। जिसमें एक टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से चुराने वालों का सुराग लगा। संदिग्धों के मोबाइल नं. हासिल कर कोतवाली पुलिस को उपलब्ध करा दिये गये। फिर भी कोतवाली पुलिस ने लोडर बरामदगी का कोई प्रयास नही किया।

प्रतिभा अवस्थी ने इसकी शिकायत उच्च स्तर पर की तो कोतवाली पुलिस ने मनगढंत आख्या भेजकर अपनी जिम्मेदारी से छुटकारा पा लिया। पीड़ित प्रतिभा अवस्थी ने पुलिस महानिदेशक के लिए संबोधित एक शिकायती पत्र एसपी को सौंपा। जिसमें संदिग्धों के नाम भी लिखे गये हैं। उन्होंनें कहा कि अगर उनकी गाड़ी की बरामदगी में हीलाहवाली बंद न की गई तो वे अनशन पर बैठ जाने को बाध्य होगीं। पुलिस अधीक्षक अमरेंद्र प्रसाद सिंह ने उनकी शिकायत को बेहद गंभीरता से लेते हुए कोतवाली पुलिस को सख्त हिदायत दी है। अब देखना है कि एसपी का कोई खौफ कोतवाली पुलिस के मनोबल पर काम करता है कि नही।

 

 

Leave a comment