कोंच-उरई । गुजराज और हिमांचल प्रदेश में भाजपा की जीत पर यहां के हिंदूवादी संगठनों के नौजवानों ने जश्न मनाया और जुलूस निकाल कर अपनी खुशी व्यक्त की। नगर भर में घूमे इस जुलूस में डीजे की धुनों पर युवा मस्ती कर रहे थे और जगह जगह गोले दाग कर अपनी प्रसन्नता का इजहार कर रहे थे। इस दौरान पार्टी के न के बराबर लेकिन विहिप और बजरंग दल जैसे सहयोगी संगठनों के कार्यकर्ता ही अधिक दिखाई दे रहे थे, मुख्य संगठन के लोग आयोजन में दूर दूर तक नहीं दिखाई दिये। सुबह सबेरे जब नतीजे कांग्रेस के पक्ष में खुल रहे थे तो कांग्रेसी जश्न के मूड में दिखने लगे लेकिन बाद में कांग्रेस के पिछड़ते ही वे बैकफुट पर आ गये।

गुजरात और हिमांचल प्रदेश में विधान सभा चुनावों के आज आये नतीजे हालांकि भाजपा जो कांग्रेस मुक्त भारत का सपना देख रही है, के लिहाज से बहुत ज्यादा उत्साहित करने बाले नहीं रहे लेकिन इन राज्यों में भाजपा की सरकारें बनने का रास्ता खुलने को ही काफी मान कर यहां हिंदूवादी और संघ के अनुषांगिक संगठनों विहिप और बजरंग दल आदि के युवा जोश में भर कर खुशी का इजहार करते दिखे। चंदकुआ पर एकत्रित हुये इन युवाओं ने वहां से एक जुलूस भी निकाला जो स्टेट बैंक, लवली चौराहा, नईबस्ती, रामगंज बाजार, नगर पालिका, चौकी तिराहा होकर पुन: चंदकुआ पहुंच कर खत्म हो गया। जुलूस में डीजे पर बज रहे हिंदूवादी गीतों पर युवा जम कर नाचे। जगह जगह गोले दाग कर खुशी मनाई गई। इस जश्नी जुलूस में खास बात यह रही कि भाजपा मुख्य संगठन के लोग नदारत दिखे। इस दौरान विहिप अध्यक्ष सुशील दूरवार मिरकू, निकाय चुनाव में पालिकाध्यक्ष पद के भाजपा प्रत्याशी रहे प्रेमनारायण वर्मा, आशुतोष रावत, धर्मेन्द्र राठौर, निखिल सोनी, अमित मोदी, ब्रजेश जोशी, गौरव सौनकिया, संदीप सोनी, राजा टैनगुरिया, अंशुल गुप्ता, पुरुषोत्तम, हिमांशु अवस्थी, आर्यन सक्सेना, शिवराम चौरसिया, सोनू अवस्थी आदि मौजूद रहे। इधर, यह भी बहुत ही दिलचस्प है कि सुबह सुबह जब नतीजों के रुझान आने शुरू हुये और कांग्रेस बढत बनाती दिखी तो यहां के कांग्रेसियों में उत्साह देखा गया, लेकिन जैसे जैसे कांग्रेस ने पिछडऩा शुरू किया कांग्रेसियों का सारा उत्साह जाता रहा।

 

Leave a comment