कोंच-उरई। दिनों दिन बढती जा रही ठिठुरन के बीच तहसील प्रशासन और पालिका प्रशासन अभी भी अलाव लगवाने के लिये दिन गिन रहे हैं। न तो तहसील की ही तरफ से और न ही पालिका की ओर से कोंच में एक भी अलाव की व्यवस्था की गई है जिससे आम आदमी की मुश्किलें बढती जा रहीं हैं। तहसील की तरफ से अभी तक रैन बसेरे का भी इंतजाम नहीं किया गया है जिसमें गरीब बेसहारा अपनी रातें गुजार सकें। अधिकारियों की अगर मानें तो रैन बसेरा शुरू होने में चार-छह दिन लग सकते हैं जबकि अलावों के लिये अभी स्थानों को चिन्हित किये जाने का काम हो रहा है।
बैरोमीटर में पारा लगातार नीचे की ओर खिसक रहा है और मौजूदा स्थिति में आठ-नौ डिग्री के आसपास इसने अपना डेरा जमाया हुआ है। पारे की इस नौबत के चलते सर्दी बढती जा रही है और सुबह शाम लोगों के लिये आफत बन कर टूट रही है। विगत बर्षों में इन दिनों पालिका और तहसील प्रशासन की ओर से अलावों की व्यवस्था शुरू हो जाती थी जिससे गरीबों की शामें और रातें आग में हाथ सेंकते हुये किसी तरह कट जाती थी, लेकिन अबकी दफा अलाव लगवाने में तहसील और पालिका दोनों ही फिसड्डी साबित हो रहे हैं। तहसील की ओर से कमोवेश दर्जन भर तथा पालिका की ओर से दो से ढाई दर्जन जगहों पर अलावों की व्यवस्था की जाती रही है। तहसील प्रशासन ठंडी रातों में बेसहारा गरीबों के लिये बल्दाऊ धर्मशाला में रैन बसेरा की व्यवस्था भी करता रहा है लेकिन अभी तक की स्थिति में यह भी नदारत है। बस ऑपरेटर यूनियन के अध्यक्ष मल्लूशाह, पूर्व सपा नगर अध्यक्ष गुफरान अहमद आदि ने कहा है कि यह मसला सीधे सीधे गरीब तबके से जुड़ा है और अलाव नहीं लगने से उन्हें काफी दिक्कतें हो रही हैं लिहाजा समय रहते अलावों और रैन बसेरा की व्यवस्था की जाये। इस समस्या को लेकर पालिका चेयरपर्सन डॉ. सरिता वर्मा से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा है कि यह बात उनके संज्ञान में है और उन्होंने ईओ को इस बाबत बता दिया है, एक दो दिन में अलावों की व्यवस्था कर दी जायेगी। तहसीलदार भ्ज्ञूपाल सिंह के मुताबिक रैन बसेरा शुरू होने में चार-छह दिन का वक्त लग सकता है, यह बल्दाऊ धर्मशाला में बनाया जाना है।






Leave a comment