उरई। ओवर लोड ट्रकों के आवागमन से यातायात में मची रहने वाली अफरा-तफरी से आजिज लोगों ने आज जालौन में एक घंटे का जाम लगाकर प्रशासन और पुलिस की पोल खोल डाली।

सरकार ने लोकलाज का ख्याल रखते हुए मुख्य मार्गों पर दिन में ओवर लोडिंग से परहेज का इशारा दे रखा है। लेकिन ग्रामीण क्षेत्रों से वाईपास करके मुख्य मार्गों तक ओवरलोड वाहनों पर जैसे कोई रोकटोक नही है। इस अघोषित छूट का लाभ उठाकर हरदोई गूजर मार्ग से जालौन तक प्रतिदिन सैकड़ों ओवर लोड ट्रकों का संचालन हो रहा है। जिसके चलते न केवल सड़क का भटटा बैठ चुका है। बल्कि आये दिन हादसों की सौगात भी जनजीवन को झेलनी पड़ रही है।

इस सड़क के दायरे में आने वाले छानी, लौना, कुअरपुरा, धनौरा, नारायणपुरा आदि के ग्रामीण दर्जनों बार दूरभाष व लिखित रूप से प्रशासन को इस पर रोक के लिए अवगत करा चुके हैं लेकिन अभी तक अधिकारियों के कानों तक जूं नही रेंगी है। इससे नाराज ग्रामीण आज बगावत पर उतर आये और उन्होंने ग्राम लौना के पास से गुजर रहे ओवर लोड ट्रकों को रोककर एक घंटे तक जाम लगाये रखा और प्रदर्शन किया।

इसकी सूचना उप जिलाधिकारी भैरपाल सिंह को मिल गई थी लेकिन तनाव के बावजूद कोई अधिकारी मौके पर नही पहुंचा। खुद ट्रक ड्राइवर जब गिड़गिड़ाने लगे तब ग्रामीणों ने जाम खुलने दिया। सुरेश कुमार, महेश चंद्र, रामशरण, सतीश, कृष्ण सिंह, रामराजा आदि ग्रामीणों ने बताया कि अगर स्थानीय प्रशासन ओवर लोडिंग रोकने के दायित्व को निभाने के लिए तत्पर न हुआ तो अनिश्चित कालीन जाम लगाकर उसे सबक सिखाया जायेगा। बताया गया है कि ओवर लोड ट्रकों की वजह से हरदोई के पास बना पुल भी क्षतिग्रस्त हो चुका है जिससे कभी न कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।

Leave a comment