उरई। भागीदारी आंदोलन मंच के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कलेक्ट्रेट में दिन भर धरना प्रदर्शन करते हुए राज्यपाल के नाम संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। इसमें मुख्य रूप से ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत की पिछड़ा, अति पिछड़ा और सर्वाधिक पिछड़ा की तीन कैटेगरी बनाकर आरक्षण को उनके अनुपात में विभाजित करने की मांग की गई।
मंच ने इसी तरह अनुसूचित जाति, अनुसूचित जन जाति के आरक्षण में भी दलित, अति दलित और महा दलित की तीन श्रेणियां बनाने, सभी गरीबों को राशनकार्ड की बजाय गरीब कल्याण कार्ड जारी करने लोक सभा और विधानसभा चुनाव में भी ओबीसी के लिए 27 प्रतिशत आरक्षण लागू करने और पूर्ण शराब बंदी की मांगें भी अपने ज्ञापन में प्रमुखता से शामिल की हैं।
धरना स्थल पर सभा भी हुई जिसे मुख्य अतिथि के रूप में मंच के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कालूराम प्रजापति ने संबोधित किया। सभा की अध्यक्षता मंच के जिलाध्यक्ष संतोष कुमार प्रजापति और संचालन सुरेश याज्ञिक जिला उपाध्यक्ष ने किया। धरना में जय शकंर जालौन, रामलक्ष्मण शर्मा, राजेश कुमार राजू ऊमरी, किशोर पाल बरोदा, हरी सिंह कुशवाहा, अयोध्या प्रसाद बरोदा, बृजेंद्र कुमार याज्ञिक, अरुण प्रजापति, कमलेश प्रजापति एडवोकेट, केके सर, यूथ शाखा के अध्यक्ष हरीओम, अरविंद प्रजापति भदरेखी, राजेंद्र फौजी, कुलदीप विश्वकर्मा जगनेवा, बबलू प्रजापति धनौरा और राजकुमार शिवहरे बरोद कलां शामिल रहे।

Leave a comment