
उरई । बीते दो माह से मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलनरत आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने एक ओर जहां जेल भरो आंदोलन की शुरूआत कर दी है तो वहीं बर्खास्तगी के अल्टीमेटम के बाद भी आज बुधवार को कदौरा क्षेत्र की कार्यकत्रियों ने कलेक्ट्रेट में उपस्थित दर्ज कराकर नारेबाजी कर अपनी गिरफ्तारी दी। तो वहीं आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के आंदोलन के कारण नौनिहालों के साथ हो रहे खिलवाड़ को देखते हुए शासन के तेवर सख्त हो गए हैं। नतीजतन प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी भगवत पटेल ने मंगलवार को तीन सौ कार्यकत्रियों को सेवा समाप्ति का अल्टीमेटम जारी कर दिया है।
नोटिस में कहा गया है कि तीन दिन के अंदर वे अपने केंद्र पर पहुँच कर पुष्टाहार वितरण सहित अपनी ड्यूटी सुचारु तरीके से शुरू कर दें, अन्यथा उन्हें तत्काल प्रभाव से बर्खास्त कर दिया जायेगा। दूसरी ओर आंगनबाड़ी कार्यकत्री संघ के प्रदेशीय नेतृत्व के निर्देश पर मंगलवार से कार्यकत्रियों ने जेल भरो आंदोलन की शुरुआत का ऐलान कर दिया है, जिसके तहत यहां पहले दिन 57 कार्यकत्रियों ने सांकेतिक गिरफ्तारी दी, हालांकि उन्हें जेल नहीं भेजा गया। सिटी मजिस्ट्रेट ने मौखिक तौर पर उनके द्वारा सौंपी गई। सूची में शामिल नामों को हिरासत में लेकर तत्काल रिहा करने का आदेश पढ़ दिया। गौरतलब है कि गरीब आबादी के शिशुओं को पौष्टिक आहार न मिलने से बचपन अभिशाप ग्रस्त हो रहा है। खास तौर से बुंदेलखंड जैसे पिछड़े अंचलों में हजारों बच्चे कुपोषण के कारण विंकलांग हो रहे हैं। उनकी सुरक्षा के लिए ही आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन किया जा रहा है जिसमें रोजाना गर्भवतियों और बच्चों को मुफ्त पुष्टाहार वितरित किया जाता है। कार्यकत्रियों की हड़ताल की वजह से इस माह किसी केंद्र पर पंजीरी का वितरण नहीं हो पाया है। जिला कार्यक्रम अधिकारी ने बताया कि दिसंबर माह में पंजीरी के शून्य उठान की रिपोर्ट उनके द्वारा निदेशालय को भेजी जा चुकी है। जो कार्यकत्रियां ड्यूटी पर लौट रही हैं उन्हें पिछले स्टाक की पंजीरी दी जा रही है। पिछले दो महीनों से मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर आंदोलन का आगाज करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों का आंदोलन अब निर्णायक स्थिति में पहुंच गया है। एक ओर जहां कार्यकत्रियां मानदेय बढ़ाने की मांग को लेकर अड़ी हुयी हैं तो वहीं प्रदेश सरकार ने सख्त कार्यवाही के संकेत दिये हैं। यही कारण है कि प्रभारी जिला कार्यक्रम अधिकारी ने जनपद की तीन सैकड़ा कार्यकत्रियों को बर्खास्तगी का नोटिस थमाया गया है।






Leave a comment